चांपा. ग्राम मौहाडीह से राजस्व विभाग की टीम ने संरक्षित प्रजाति कौहा का 150 नग गोला जब्त किया है। अवैध लकड़ी को इस गांव के दो सगे भाई अपने स्वयं के ट्रैक्टर के माध्यम से चुपचाप खपाने के फिराक में लगे थे, लेकिन समय रहते इसकी शिकायत जांजगीर एसडीएम तक पहुंच गई। एसडीएम ने शिकायत को गंभीरता से लिया और त्वरित कार्यवाही करते हुए जांजगीर तहसीलदार को मौके पर भेजकर अवैध लकड़ी को जब्त करवाया। राजस्व विभाग की इस कार्यवाही से जांजगीर तथा नवागढ़ क्षेत्र में लकड़ी के कारोबार से जुड़े लोगों में हडक़ंप मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, जांजगीर तहसील अंतर्गत ग्राम मौहाडीह निवासी बनवारीलाल कश्यप पिता कातिकराम कश्यप एवं उसके भाई पतिराम कश्यप ने गांव में ही स्थित अपनी जमीन पर बड़े पैमाने पर संरक्षित प्रजाति कौहा का गोला डंप करके रखा था। दोनों भाई अपने स्वयं के ट्रैक्टर के माध्यम से उस अवैध लकड़ी को चुपचाप ठिकाने लगाने के फिराक में थे, लेकिन इसकी सूचना कुछ मीडियाकर्मियों तक पहुंच गई। मीडियाकर्मियों ने जब मौहाडीह पहुंचकर बनवारीलाल कश्यप से लकड़ी के संबंध में जानकारी ली, तब वह गोलमोल जवाब देने लगा। पहले तो उसने पूरी लकड़ी आसपास के कई किसानों से खरीदे जाने की बात कही, लेकिन बाद में उसने विद्युत टॉवर विस्तार के दौरान अपने स्वयं के खेतों से काटे गए पेड़ों की लकड़ी होने की बात कही। इससे मीडियाकर्मियों को संदेह हुआ और उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी सबसे पहले जिला वन मंडलाधिकारी सतोविशा समाजदार को दी। पूरा मामला जानने के बाद डीएफओ समाजदार ने विभाग से संबंधित अन्य जरूरी कार्यों में व्यस्त होने की बात कहते हुए मीडियाकर्मियों को जांजगीर एसडीएम अजय उरांव से संपर्क करने कहा, तब मीडियाकर्मियों ने एसडीएम उरांव से संपर्क कर उन्हें पूरी जानकारी दी। जांजगीर एसडीएम उरांव ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार की दोपहर जांजगीर तहसीलदार को मौके के लिए रवाना किया। एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार ने गांव पहुंचकर निर्धारित ठिकाने से ट्रैक्टर में लोड संरक्षित प्रजाति कौहा का 150 नग गोला जब्त किया। तहसीलदार ने बताया कि कार्यवाही के दौरान बनवारीलाल कश्यप और उसके भाई से जब्त लकड़ी के संबंध में जरूरी कागजात मांगे गए, लेकिन वे पेश नहीं कर सके। वे बार-बार यही बात कह रहे थे कि लकड़ी टॉवर लाइन विस्तार के दौरान काटे गए पेड़ों की है, जिसे उन्होंने आसपास के किसानों से खरीदी है। तहसीलदार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जब्ती कार्यवाही के बाद जांजगीर एसडीएम को वस्तुस्थिति से अवगत करवा दिया गया है। उनके निर्देश पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।
डेढ़ सौ नग गोला जब्त
ग्राम मौहाडीह में कुछ लोगों के पास संरक्षित प्रजाति कौहा का गोला अवैध रूप से रखे होने की शिकायत मिली थी। शिकायत की जांच के लिए तहसीलदार को गांव भेजा गया। मौके से संरक्षित प्रजाति कौहा का डेढ़ सौ नग गोला जब्त हुआ है। जिन लोगों से गोला जब्त हुआ है, उनके पास जब्तशुदा लकड़ी से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं है। मामले की जांच की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें