डोलकुमार निषाद @ डभरा. आज के दौर में जहां आलाधिकारियों के अपने दफ्तर से नदारद होने व कार्यालयीन समय में कम समय देने की बातें आम सी हो गई है, लेकिन वहीं जनपद सीईओ नितेश उपाध्याय स्वच्छ भारत मिशन के सपने को साकार करने के लिए कार्यालयीन समय के बाद देर रात तक लोगों के बीच जाकर चौपाल लगा रहे हैं। उनके इस कार्य को लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच उनकी बहुत तारीफ हो रही है।
हम बात कर रहे हैं जिले के जनपद पंचायत डभरा में पदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी नितेश उपाध्याय की, जो शासन के स्वच्छ भारत मिशन को पूरा करने घर-घर शौचालय बनाने के लिए लोगों को प्रेरित कर रहे हैं तथा डभरा ब्लाक को ओडीएफ बनाने के लिए दिन-रात कड़ी मेहनत कर रहे हंै। वहीं देर रात तक प्रतिदिन एक नए गांव जाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं, जिसमें क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का भी उन्हें भरपूर सहयोग मिल रहा है। जहां भी चौपाल आयोजित हो रही है, उस क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, विधायक प्रतिनिधि, सरपंच एवं पंचों द्वारा लोगों को शौचालय निर्माण और उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है। चौपाल में शॉर्ट फिल्म व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जगरूक किया जा रहा है, जिसकी पूरे क्षेत्र के लोग तारीफ कर रहे हैं और स्वच्छ भारत मिशन में साथ देने का संकल्प भी ले रहे हैं। सीईओ की पहल पर जनपद पंचायत डभरा को खुले में शौच मुक्त जनपद बनाने लोगों का भारी समर्थन मिल रहा है।
बच्चों को पढ़ा रहे स्वच्छता का पाठ
जनपद सीईओ को जैसे ही समय मिलता है वो समय निकाल कर स्कूलों में जा जाकर बच्चों को शौचालय के फायदे और खुले में शौच करने से होने वाले नुकसान के बारे में बता रहे हैं, जिससे स्कूली बच्चे काफी प्रभावित हो रहे हैं और अपने घर में शौचालय निर्माण करने के लिए अपने माता-पिता को प्रेरित कर रहे हैं। वहीं कार्यक्रम में जनपद सीईओ द्वारा बच्चों को कई ज्ञानवर्धक बातें भी बताई जा रही है।
ओडीएफ बनाने कर रहे कड़ी मेहनत
जिले को ओडीएफ जिला बनाने के लिए जिले के आलाधिकारी जहां कड़ी मेहनत कर रहे हैं, वहीं डभरा सीईओ अपने कार्यालयीन समय के बाद भी कड़ी मेहनत कर लोगों को इस मुहिम से जोडऩे का प्रयास कर रहे हैं, जिससे लोग काफी प्रभावित हो रहे हैं। सीईओ की बातों से प्रभावित होकर लोग अपने घरों में शौचालय निर्माण करा रहे हैं, जिससे डभरा जनपद जल्द ही ओडीएफ जनपद बनने के कगार पर पहुंच रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें