गुरुवार, 13 जुलाई 2017

मानवता हुई शर्मसार! काउकेचर में लेकर गए महिला का शव, कोतवाली पुलिस और नगरपालिका अधिकारी की लापरवाही उजागर

जांजगीर-चांपा. अज्ञात महिला के शव को कफन-दफन करने ले जाने के लिए पुलिस को एक शव वाहन नहीं मिला तो उसने नगरपालिका को वाहन की व्यवस्था के लिए लिखा। हद तो तब हो गई, जब नगरपालिका अधिकारी ने शव को ले जाने के लिए काउकेचर ही अस्पताल भेज दिया। इसी में पालिकाकर्मी शव को रखकर अंतिम संस्कार के लिए रानी तालाब तक ले गए। पुलिस और नगरपालिका के अधिकारी की इस लापरवाही से मानवता एक बार फिर शर्मसार हुई है।

जानकारी के अनुसार, बीते 10 जुलाई की सुबह जांजगीर थाना क्षेत्र के हसदेव नदी किनारे घुठिया के पास सुबह ग्रामीणों ने एक महिला की लाश देखी। कोटवार की सूचना पर कोतवाली से पुलिस मौके पर पहुंची। शव का पंचनामा के बाद पीएम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। दूसरे दिन 11 जुलाई को शव का पीएम डॉ. पीएस कुर्रे ने किया। पीएम करने के बाद अज्ञात लाश का अंतिम संस्कार करने के लिए डॉक्टर ने पुलिस को शव सौंप दिया। पुलिस ने भी अपना पल्ला झाड़ते हुए शव को अंतिम संस्कार स्थल तक ले जाने के लिए नगर पालिका को वाहन उपलब्ध कराने एक चिट्ठी लिख दी। पुलिस की चिट्ठी के आधार पर नगरपालिका के अधिकारी ने शव को रानी तालाब तक ले जाने काउकेचर की व्यवस्था की। पालिका के स्वीपर और वाहन चालक काउकेचर में शव को भरकर रानी तालाब तक ले गए। इस बीच किसी ने भी जिम्मेदारी नहीं समझी कि शव का सम्मानजनक अंतिम संस्कार हो।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें