जांजगीर-चाम्पा. जिला पंचायत सभाकक्ष में शिक्षा स्थायी समिति की बैठक 14 जुलाई शुक्रवार को दोपहर 12 बजे जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं शिक्षा स्थायी समिति अध्यक्ष अजीत साहू की अध्यक्षता में आयोजित की गई। शिक्षा समिति की बैठक में सत्र 2017-18 में जिला शिक्षा अधिकारी जांजगीर एवं शैक्षणिक जिला सक्ती अंतर्गत स्कूली बच्चों को प्रदाय किए गए नि:शुल्क पाठ्य पुस्तक एवं जिले में कितने विद्यालय में पाठ्य पुस्तक प्रदाय नहीं किया गया, इसकी जानकारी दी गई।
शिक्षकों के अध्यापन व्यवस्था संबंधी प्रस्ताव के लिए राज्य शासन का आदेश एवं नियमों पर चर्चा हुई। इसके अलावा विकासखण्ड बलौदा अंतर्गत छात्रवृत्ति घोटाला प्रकरण की जांच के संबंध में जानकारी दी गई। शिक्षक पंचायत विषय अंग्रेजी, गणित विज्ञान, हिन्दी सामाजिक विज्ञान संस्कृत के सीधी भर्ती एवं पदोन्नति के लिए उपलब्ध रिक्त पदों की जानकारी दी गई। राजीव गांधी शिक्षा मिशन अंतर्गत मूल अभिलेखों के नहीं मिलने संबंधी विषय पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही शिक्षकों के रिक्त पदों की जानकारी प्रदान की गई। शिक्षक पंचायत संवर्ग की नई नियुक्ति के बारे में बताया गया। सरस्वती साइकिल योजना की वितरण, गुणवत्ता आदि पर चर्चा हुई। सर्वशिक्षा अभियान के तहत राजीव गांधी शिक्षा मिशन को प्राप्त राशि, तथा व्यय राशि की जानकारी दी गई। बैठक में साक्षरता मिशन के तहत कर्मचारियों की नियुक्ति एवं उनकी योग्यता तथा पदों के संबंध में चर्चा हुई। बैठक में समिति के सदस्य प्रीति अजय दिव्य, टेकचंद्र चंद्रा, नरेन्द्र कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी जांजगीर जीपी भास्कर, सक्ती डीईओ आरपी आदित्य, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग राजपूत, सहायक परियोजना अधिकारी जिला पंचायत जीआर साहू, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी एवं बीआरसी सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें