शुक्रवार, 14 जुलाई 2017

छात्र की पिटाई मामले में युवाओं ने खोला डीएसपी के खिलाफ मोर्चा, अकलतरा के शास्त्री चौक में धरना-प्रदर्शन के बाद किया थाने का घेराव

जांजगीर-चांपा. मुलमुला थाना प्रभारी तथा प्रशिक्षु डीएसपी रश्मित कौर चावला द्वारा राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित अकलतरा के एक छात्र की मुलमुला थाना में पिटाई का मामला तूल पकडऩे लगा है। इस घटना से आक्रोशित अकलतरा के युवाओं ने शुक्रवार को नगर के शास्त्री चौक में धरना-प्रदर्शन करने के बाद थाने का घेराव किया। इस दौरान युवाओं ने प्रशिक्षु डीएसपी के खिलाफ उचित कार्यवाही की मांग को लेकर एसपी के नाम थाना प्रभारी को ज्ञापन भी सौंपा।

पुलिस अधीक्षक के नाम अकलतरा थाना प्रभारी को सौंपे ज्ञापन में युवाओं ने कहा है कि 13 जुलाई को दो पक्षों के आपसी विवाद के निराकरण के लिए मुलमुला थाना में थाना प्रभारी प्रशिक्षु डीएसपी रश्मित कौर चावला द्वारा दोनों पक्षों को बुलवाया गया था। प्रशिक्षु महिला डीएसपी के बुलाने पर दोनों पक्ष मुलमुला थाना पहुंचे थे, जहां मौजूद प्रशिक्षु महिला डीएसपी चावला द्वारा दोनों पक्षों से अभद्रतापूर्ण बात करते हुए उन्हें थाना से बाहर निकलने के लिए कहा गया, जिस पर राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित नाबालिग छात्र जयदीप सिंह द्वारा आपत्ति जताते हुए उनसे संयमित व्यवहार करने के लिए कहा गया। इस बात से प्रशिक्षु महिला डीएसपी आग-बबूला हो गईं और उन्होंने दोनों पक्षों को थाना परिसर से बाहर निकालकर दुव्र्यवहार करना शुरू कर दिया। साथ ही नाबालिग छात्र जयदीप को थाना में बैठाकर उन्होंने 20-25 तमाचा जड़ दिया तथा छात्र के बालिग होने पर किसी केस में फंसाने की बात कही गई। चोटिल हालत में नाबालिग छात्र को कुछ लोगों द्वारा उपचार के लिए अकलतरा स्थित अस्पताल लाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। युवाओं ने मुलमुला थाना प्रभारी प्रशिक्षु महिला डीएसपी रश्मित कौर चावला के खिलाफ उचित कार्यवाही की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। ज्ञापन में हस्ताक्षर करने वालों में आदर्श सोनी, अविनाश साहू, शिवा सिंह, आदर्श सोनी, देवेन्द्र सिंह, आदर्श सिंह सहित अन्य युवाओं का नाम शामिल है।


इन पर लगा है पिटाई का आरोप

मुलमुला थाना प्रभारी प्रशिक्षु महिला डीएसपी रश्मित कौर चावला पर युवाओं ने राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित नाबालिग छात्र की पिटाई का आरोप लगाया है। यहां बता दें कि ये वही महिला डीएसपी हैं, जिन्होंने बीते दिनों क्षेत्र भर में घूम-घूमकर नाबालिग लड़कियों की शादी रूकवाई है। सिर्फ इतना ही नहीं, इन्होंने अपने थाना क्षेत्र में अभियान चलाकर नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की है, जिसे लेकर वे पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों पर हैं। इनके उल्लेखनीय कार्यों को मीडिया ने काफी तरजीह दी है। 



मामले की जांच करवा रहे

अकलतरा निवासी राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित एक नाबालिग छात्र के साथ मुलमुला थाना प्रभारी प्रशिक्षु महिला डीएसपी द्वारा मारपीट किए जाने की शिकायत कुछ लोगों से मिली है। मामले की जांच करवा रहे हैं। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उचित कार्यवाही की जाएगी।

-अजय यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जांजगीर

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें