जांजगीर-चांपा. जिला मुख्यालय जांजगीर में संचालित ज्ञानदीप फाउण्डेशन (पंजीयन क्रमांक 6399) से जुड़े सैकड़ों युवाओं ने फाउण्डेशन के संचालक द्वारा चार माह से मानदेय तथा आवश्यक सामग्री प्रदान नहीं किए जाने की शिकायत करते हुए एसपी से उचित कार्यवाही की मांग की है।
शुक्रवार की शाम अपनी शिकायत लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे फाउण्डेशन से जुड़े युवाओं के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव से मुलाकात कर उन्हें बताया कि जिला मुख्यालय जांजगीर के जिला पंचायत मार्ग में ज्ञानदीप फाउण्डेशन नामक एक संस्था संचालित है। इस संस्था से सैकड़ों युवा जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि फाउण्डेशन के प्रमुख सीपी जोशी के द्वारा उन्हें जिला तथा ब्लॉक प्रमुख, सहायक शिक्षक, खेल शिक्षक, कम्प्यूटर शिक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है, लेकिन नियुक्ति के चार माह गुजर जाने के बाद भी कम्प्यूटर सिस्टम, खेल सामग्री, शिक्षक सामग्री प्रदान नहीं किया गया है और न ही चार माह का मानदेय भुगतान किया गया है। प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यादव को ज्ञापन सौंपकर इस मसले में उचित कार्यवाही का आग्रह किया है।
कोतवाली टीआई करेंगे जांच
कुछ युवाओं से ज्ञानदीप फाउण्डेशन नामक संस्था के संचालक के खिलाफ शिकायत मिली है। इस मामले की जांच कोतवाली टीआई करेंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्यवाही की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें