शनिवार, 15 जुलाई 2017

बलौदा-पहरिया सडक़ की गुणवत्ता जांचने समिति गठित करने के निर्देश, सांसद की अध्यक्षता में दिशा समिति की बैठक आयोजित

जांजगीर-चांपा. लोकसभा सांसद कमला देवी पाटले की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित दिशा समिति की बैठक में शासन की योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत मजदूरी भुगतान पर चर्चा के दौरान बताया गया कि जिले में वर्तमान मेंं चार लाख से अधिक श्रमिकों के खाते बैंक में खोले जा चुके हैं और जिन श्रमिकों के खाते अभी डाकघर में हैं, उन्हें बैंक में परिवर्तन की कारवाई की जा रही है। 

बैठक में यह भी बताया गया कि मनरेगा में मजदूरी भुगतान के लिए वर्तमान में राशि उपलब्ध है और नियमानुसार श्रमिकों को भुगतान की कार्रवाई की जा रही है। बैठक में संसदीय सचिव अंबेश जागड़े, विधायकद्वय केशव चंद्रा, डॉ. खिलावन साहू, कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन, जिला पंचायत सीईओ अजीत वसंत, वनमंडलाधिकारी सतोविशा समाजदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में सांसद पाटले ने प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत निर्मित बलौदा-पहरिया सडक़ मार्ग की गुणवत्ता की जांच के लिए ईई पीडब्ल्यूडी की अध्यक्षता में टीम गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच में सडक़ की गुणवत्ता खराब होने की पुष्टि होते ही दोषी ठेकेदार और इंजीनियर के विरूद्ध कार्रवाई करें। उन्होंने धनपुर रोड के मूल्यांकन के भी निर्देश दिए। सांसद पाटले ने कहा कि सारागांव से देवरी और कुम्हारीकला से अमरूवा के बीच सडक़ निर्माण के लिए यदि पीएमजीएसवाई से जल्दी एनओसी प्राप्त हो जाती है, तब यह पूरी सडक़ बन जाएगी। इसके लिए पीएमजीएसवाई के अधिकारीे जल्द कार्रवाई करें। संसदीय सचिव जांगड़े, विधायकद्वय केशव चंद्रा तथा डॉ. खिलावन साहू ने अपने क्षेत्र की सडक़ों की गुणवत्ता पर चर्चा करते हुए कई सडक़ों में मरम्मत की आवश्यकता बताई, जिसके लिए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
 

पात्रों को मिले आवास योजना का लाभ

सांसद पाटले ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पात्र हितग्राहियों की सूची ग्राम पंचायत भवन में चस्पा कर दी गई है या नहीं, इसकी जांच के लिए जनपद सीईओ सतत रूप से गांवों का निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को ही प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलना चाहिए, जहां भी अनियमितता पाई जा रही है, वहां संबंधित के विरूद्ध कार्रवाई करें। जिला पंचायत सीईओ द्वारा बताया गया कि जहां योजना के तहत हितग्राही चयन में अनियमितता पाई गई, वहां संबंधितों के विरूद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई है।
 

शौचालय निर्माण की गुणवत्ता पर रखे ध्यान

बैठक में बताया गया कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत विकासखण्ड पामगढ़ और अकलतरा ओडीएफ  हो चुके हैं। सांसद पाटले ने शौचालय निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान ग्राम झिलमिली और डाभाडीह में हेण्डपम्पों के पानी की जांच कर वाटर ट्रिटमेंट की आवश्यक व्यवस्था के निर्देश दिए गए। इनके अलावा सामाजिक सहायता कार्यक्रम, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, गणवेश वितरण, मध्यान्ह भोजन, स्वास्थ्य विभाग, श्रम विभाग सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें