शुक्रवार, 28 जुलाई 2017

चौथे सोमवार को सिद्घेश्वर धाम में होगा जलाभिषेक, बसंतपुर संगम से जल भरकर कांवडि़ए करेंगे पैदल यात्रा

बम्हनीडीह. बडगडी बाबा सिद्घेश्वर धाम में सावन के चौथे सोमवार 31 जुलाई को जलाभिषेक कराया जाएगा। श्री सिद्घेश्वर धाम में हर वर्ष सावन के अंतिम सोमवार को जलाभिषेक कराया जाता है, लेकिन इस बार पांच सोमवार पडऩे व अंतिम सोमवार को राखी होने के कारण इस वर्ष सावन के चौथे सोमवार को जलाभिषेक किया जाएगा।

आयोजन में 30 जुलाई को कांवरियों के लिए बस स्टैंड बम्हनीडीह के पुराने बीईओ आफिस के सामने नि:शुल्क भोजन की व्यवस्था रखी गई हैं। साथ ही बिर्रा जाने के लिए नि:शुल्क गाडिय़ों की व्यवस्था भी की जाएगी। बाबा के भक्त रात्रि में बसंतपुर संगम से जल भरकर 25 किमी पैदल यात्रा कर सोमवार को सुबह 5 बजे बडगडी स्थिति बाबा सिद्घेश्वरनाथ मे जलाभिषेक करेंगे। हर वर्ष के बढ़ते भीड़ को देखते हुए बोल बम समिति ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीडीह की सहायता से पैदल चल के आए शिव भक्तों को नि:शुल्क सेवा प्रदान करेंगे। इसी प्रकार थाना बम्हनीडीह को भी अतरिक्त बल एवं महिला बल की सुविधा मुहैया कराने के पत्राचार किया गया है। ज्ञात हो कि हर साल भीड़ मे बढ़ोतरी हो रही है और इस साल भी कांवरियों की संख्या बढऩे की उम्मीद है। यहां सुरक्षा की दृष्टि को लेकर पुलिस बल की पर्याप्त संख्या बढ़ाना आवश्यक है। विगत वर्ष बिर्रा, सारागांव तथा बम्हनीडीह की पुलिस टीम के सहयोग से आयोजन सफल बनाया गया था।
 

कांवरियों के लिए डाक बम प्रतियोगिता

हर वर्ष की तरह इस बार भी कांवरियों के लिए डाक बम प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में आलोक अग्रवाल की ओर से प्रथम जलाभिषेक करने वाले को 3100 रुपए, द्वितीय 2100 रुपए एवं तृतीय 1100 रूपए सहित अन्य सांत्वना पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों का पंजीयन अनिवार्य किया गया है। पंजीयन के लिए आधारकार्ड को मान्य किया गया है। इनमें भाग लेने वाले प्रतिभागी को सुबह 6 बजे जल भरकर 3 घंटे के भीतर जलाभिषेक करना होगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें