गुरुवार, 24 अगस्त 2017

मुख्यमंत्री बोले मेरे बुलाने पर भी मत आना, फिर क्यों चले गए पटवारी, मालखरौदा ब्लॉक में पटवारियों की मनमानी जारी

बुद्धेश्वर प्रसाद सोनी @ मालखरौदा.  प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने स्पष्ट रूप से कहा था कि सोमवार को प्रत्येक पटवारी को अपने मुख्यालय के ग्राम पंचायत में बैठकर शासकीय कामकाज निपटाना है, लेकिन क्षेत्र में पदस्थ पटवारियों को उनके आदेश की परवाह नहीं है। यही वजह है कि वे सीएम के फरमान की धज्जियां उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं।

दरअसल, सोमवार को सभी पटवारियों को ग्राम पंचायत भवन में बैठना है। इसके लिए राज्य शासन ने पत्र भी जारी किया है, लेकिन विडम्बना यह है कि राज्य शासन के निर्देश के बाद भी क्षेत्र के पटवारियों को उच्चाधिकारियों द्वारा जांजगीर बुला लिया गया है। इस कारण क्षेत्र के किसान और स्कूली छात्रों को जाति, निवास, पटवारी प्रतिवेदन में हस्ताक्षर कराने के लिए भटकना पड़ रहा है। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने क्षेत्रीय दौरे के समय स्पष्ट रूप से कहा था कि पटवारी सोमवार एवं मंगलवार को पंचायत भवन में बैठकर कार्य करेंगे। इस दिन किसी के भी बुलाने पर उन्हें मुख्यालय छोडक़र नहीं जाना है, लेकिन क्षेत्र में पदस्थ पटवारी उनकी बात को झूठी साबित करने में लगे हुए हैं।
 

प्रशिक्षण में शामिल होने गए

सोमवार और मंगलवार को पटवारियों को मुख्यालय में बैठना अनिवार्य है, लेकिन शासन स्तर से दो दिवसीय फसल कटाई प्रशिक्षण आयोजित किया गया है, जिसमें पटवारियों को हर हाल में शामिल होना था। प्रशिक्षण में शामिल होने के लिए पटवारी गए हुए हैं।

-प्रियंका बंजारा,  नायब तहसीलदार, मालखरौदा

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें