सोमवार, 28 अगस्त 2017

चाय बेचने वाला बोलकर पीएम बन गया गोधराकांड का दोषी-करूणा, पूर्व प्रधानमंत्री की भतीजी और पूर्व सांसद ने प्रधानमंत्री पर किया कटाक्ष

जांजगीर-चांपा. भाजपा के सत्ता पर शीर्ष स्थान पर बैठे लोग आज पार्टी के आदर्श हो गए हैं। गोधराकांड का दोषी चाय बेचने वाला बोल कर प्रधानमंत्री बन गया, वहीं तड़ीपार भाजपा का अध्यक्ष बन गया। कांग्रेस का चाल, चरित्र व चेहरा ऐसा कभी नहीं रहा है। ये बातें देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेई की भतीजी और पूर्व सांसद करूणा शुक्ला ने चांपा में आयोजित विधानसभा स्तरीय प्रशिक्षण के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही।

पत्रकारों से चर्चा करते हुए भाजपा छोडक़र कांग्रेस में आई पूर्व सांसद शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को जन्म देने वाले व उच्च स्थान पर स्थापित करने वालों को नजरअंदाज कर भुला दिया गया है। आज भाजपा के शीर्ष स्थान पर जो लोग विराजमान हैं, वे लोग पार्टी के लिए आदर्श बन गए हैं। उन्होंने कहा कि करूणा शुक्ला ने कभी पद की चाहत में काम नहीं किया। करूणा शुक्ला सांसद थी या विधायक थी, तब तक भाजपा अच्छा पार्टी रही। मैंने चुनाव हारने के बाद भी पांच साल तक संगठन के लिए काम किया। उसके बाद भी पार्टीहित में सदैव जुड़ी रही। भाजपा में सवाल पद या कार्य का नहीं था। उस वक्त भाजपा का जो नैतिक शरीर दिखाई देता है, वह समाप्त हो चुका है। भाजपा का चाल, चरित्र, चेहरा बदल गया। मेरे आदर्श पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई, लालकृष्ण आडवाणी, कुशाभाऊ ठाकरे व मुरलीमनहोर जोशी रह सकते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जैसे लोगों को कभी आदर्श नहीं मान सकती। मैंने जीवन में कभी कोई चाहत रख कर काम नहीं किया। भाजपा संगठन के लिए काम किया, तब अटल बिहारी वाजपेई की भतीजी के रूप में कार्य नहीं किया, बल्कि भाजपा की विचारधारा से जुड़े कुशाभाऊ ठाकरे जैसे त्यागी नेता को देखकर मैंने भाजपा प्रवेश की। भाजपा का इतने वर्षों में क्षरण होते जा रहा है। 

पूर्व सांसद शुक्ला ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन जैसा हत्यारा, बेईमान व्यक्ति कोई नहीं हो सकता है, जिनके 15 साल के कार्यकाल में सेना के 2 हजार जवान और 25 कांग्रेस नेता शहीद हो जाए। हजारों की संख्या में गोमाता की हत्या हो जाए। मोतियाबिंद ऑपरेशन से 14 महिला की मौत, अंबेडकर अस्पताल में ऑक्सीजन की कमी से बच्चों की मौत हो जाए, ऐसी सरकार को इस प्रदेश से कांग्रेस आगामी चुनाव में हटाएगी और कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का चाल, चरित्र व चेहरा स्पष्ट है। कांग्रेस का अध्यक्ष कभी तड़ीपार वाला नहीं रहा है और न ही घूस खाने वाला कभी अध्यक्ष बनेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें