सोमवार, 28 अगस्त 2017

छत्तीसगढ़ में बहुमत से बनेगी कांग्रेस की सरकार-भूपेश बघेल, जिला प्रवास के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने की विस्तृत चर्चा

जांजगीर-चांपा. हम आंकड़ों की बाजीगरी नहीं करते, लेकिन यह दावा है कि छत्तीसगढ़ में इस बार बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनेगी। जीतने लायक प्रत्याशी को ही टिकट दी जाएगी। टिकट वितरण से पहले सर्वे कराया जाएगा। रिपोर्ट के आधार पर प्रत्याशी का चयन होगा। वर्तमान विधायक भी यदि मापदंड में खरे नहीं उतरे से उनकी भी टिकट कट सकती है। जहां हम कमजोर हैं उस पर फोकस किया जा रहा।

ये बातें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेश बघेल ने चांपा में आयोजित विधानसभा स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए कही।  पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बघेल ने कहा कि किसी चेहरा को आगे कर चुनाव लडऩे की परंपरा कांग्रेस की नहीं रही है। विधायक दल अपना नेता चुनता है। कुछ राज्य में अपवाद अवश्य रहा है, लेकिन छत्तीसगढ़़ में सामूहिक नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में बहुमत से सरकार बनाने का लक्ष्य रखा है। सीट के आंकड़े पर ज्यादा जोर नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा धार्मिक भावनाओं के नाम खिलवाड़ कर वोट हासिल कर रही है। गाय की वजह से कई जगह हिंसा हुई और बेकसूर लोग मारे गए। अब भाजपा के लोगों की गौशाला में ही गायों को बर्बरतापूर्वक मारा जा रहा है। गौशाला में पानी, चारा, घास नहीं है। यह सब भाजपा व उनके समर्थक दल को नहीं दिख रहा है। सरकार भी इस मामले में मौन है। यहां हिंदुत्व जागृत नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोजगार के हालात काफी खराब है। आउटसोर्सिंग से भर्ती हो रही है। उद्योगों में लगे कामगारों की छंटनी की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह कहते हैं कि कमीशनखोरी बंद करें, इसके बाद भी कमीशनखोरी जोरों पर है। सीएम भ्रष्टाचारियों को संरक्षण दे रहे हैं। 

गौधन व गौशाला के नाम पर छत्तीसगढ़ में सबसे बड़ा चारा घोटाला हुआ है। एक प्रश्न के उत्तर में बघेल ने कहा कि कांग्रेस कहां कमजोर है, इसका खुलासा करने की जरूरत नहीं है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह छत्तीसगढ़़ में क्या चुनावी हथकंडे अपनाएंगे, इससे निपटने कांग्रेस पूरी तरह तैयार है। भाजपा की तर्ज पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने के सवाल पर बघेल ने कहा कि कांग्रेस अपने स्तर पर प्रशिक्षण दे रही है। भाजपा की कार्यशैली से इसका कोई सरोकार नहीं है। पीसीसी अध्यक्ष बघेल ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के संदर्भ में कुछ बोलने की जरूरत नहीं है। वे पार्टी से बाहर निकल गए हैं और अपने मित्र डॉ. रमन सिंह के साथ अस्तित्व को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। कांग्रेस का मुकाबला भाजपा से होगा। भाजपा जातिगत मुद्दा बनाकर चुनाव लड़ती है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें