जांजगीर-चांपा. ग्राम सरखों के एक सराफा व्यवसायी की रविवार की देर रात गला रेतकर हत्या कर दी गई। सराफा व्यवसायी रोज की तरह सरखों गांव से व्यवसाय कर बाइक से लौट रहा था, तभी रास्ते में खोखसा फाटक के पास दो अज्ञात युवकों ने उससे लिफ्ट मांगी और वह जैसे ही रुका, धारदार हथियार से उसकी हत्या कर आरोपी भाग गए। गंभीर रूप से घायल सराफा व्यवसायी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक, ग्राम सरखों निवासी यशवंत स्वर्णकार उर्फ बबला (41) पिता पदुमन लाल स्वर्णकार ग्राम सरखों में ही सोने-चांदी का व्यवसायी था। वह पिछले कुछ माह से जांजगीर के मेट्रो टाकीज के पास रह रहा था। रविवार की शाम वह व्यवसाय के सिलसिले में बाइक से सरखों गया था। रात करीब 9 बजे वह जांजगीर लौट रहा था। खोखसा से वह जैसे ही निकला, वैसे ही कुछ लोग उसका पीछा करने लगे। दो युवकों ने उससे लिफ्ट मांगी और जैसे ही उसने बाइक धीमी की, तभी दोनों युवकों ने उसे पकड़ लिया और धारदार हथियार से गला रेत कर बाइक से फरार हो गए। बबला सडक़ किनारे खून से लथपथ पड़ा रहा, तभी इसकी सूचना उसके परिजनों तक पहुंची। सूचना पाकर उसके पिता पदुमन लाल स्वर्णकार अपने सहयोगी जितेन्द्र सराफ के साथ ग्राम सरखों से जांजगीर के लिए रवाना हुए। इस दरम्यान कुछ राहगीरों ने घायल सराफा व्यवसायी को देखा और संजीवनी 108 को फोन कर उसे जिला अस्पताल पहुंचवाया। कुछ देर बाद बबला के परिजन और कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंचे, जहां सराफा व्यवसायी बबला अंतिम सांस ले रहा था। उसने अपने परिजनों को बताया कि खैरा और खोखसा पुल के बीच आदित्य मिश्रा और सोमनाथ पाण्डेय द्वारा उस पर हमला किया गया है। इसके बाद उसकी मौत हो गई। मृतक बबला द्वारा दी गई जानकारी परिजनों ने पुलिस को दी, जिसके आधार पर पुलिस ने भादवि की धारा 302 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपी आदित्य मिश्रा पिता रामकुमार मिश्रा और सोमनाथ पिता भूपेन्द्र पाण्डेय को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की गई, जिस पर उन्होंने अपना जुर्म कबूल किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू और घटना को अंजाम देने के लिए प्रयोग में लाए गए बाइक को जब्त किया। दोनों आरोपियों को पुलिस ने विधिवत् गिरफ्तार कर लिया है।
चरित्र पर लांछन लगाता था इसलिए की हत्या
पुलिस की पूछताछ में आरोपी आदित्य ने बताया कि मृतक बबला गांव की महिलाओं के संबंध में चारित्रिक टिप्पणी किया करता था तथा उसकी बहन के संबंध में चारित्रिक लांछन लगाया करता था, इस बात को लेकर उसके द्वारा मना करने पर वह नहीं माना। इसी रंजिश पर उसने सोमनाथ पाण्डेय के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से बबला की चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपियों ने बताया कि घटना स्थल पर लघुशंका करने के बहाने गाड़ी रोककर उन्होंने चाकू से बबला के गला एवं पेट में वार किया और अपनी बाइक लेकर दोनों मौके से फरार हो गए।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें