जांजगीर-चांपा. जिला मुख्यालय जांजगीर में संचालित एक निजी स्कूल के 10वीं कक्षा के छात्र ने सोमवार की सुबह ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार वह विगत वर्ष फेल हो गया था और पढ़ाई में ज्यादा रूचि नहीं थी, जिससे वह परेशान था। बीती रात उसने फेसबुक पर ख़ुदकुशी का संकेत करते हुए दोस्तों को बाय-बाय हमेशा के लिए लिखा था और सुबह यह कदम उठाया। कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है।
जानकारी के अनुसार, जांजगीर निवासी प्रिंस कश्यप शहर के एक निजी स्कूल में 10वीं कक्षा में अध्ययनरत था। सोमवार की सुबह नैला केबिन के सामने उसने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस ने मामला कायम किया। प्रथम दृष्टया जांच में फेसबुक स्टेट्स लिखे जाने की बात सामने आई, जिस पर उसका मोबाईल जांच किया गया। फेसबुक में बीती रात 9.04 बजे प्रिंस ने लिखा था, भाई को कभी टाइम मिले तो याद कर लेना, बाय हमेशा के लिए। उसके बाद सोमवार की सुबह उसने घातक कदम उठाते हुए ट्रेन से ख़ुदकुशी कर ली। परिजनों का कहना है कि वह पढ़ाई को लेकर मानसिक रूप से परेशान था। शायद इसी वजह से उसने यह कदम उठाया होगा।
ख़ुदकुशी के लिए सोशल मीडिया का उपयोग
वर्तमान समय में सोशल मीडिया का चलन बहुत अधिक बढ़ गया है, जिसके चलते युवा, अधेड़ उम्र के लोग अपने निजी प्रसंगों, घटनाओं और भावनाओं को खासकर फेसबुक पर अपडेट करते हैं। डेढ़ माह पूर्व भी केरा रोड के एक युवक और युवती ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में भी युवक ने घटना के चंद समय पूर्व फेसबुक पर इसका संकेत दिया था और एक घंटे बाद ट्रेन के सामने कूद गए थे। इस मामले में भी फेसबुक पर स्टेट्स डालकर छात्र ने संकेत दे दिया था। अगर स्टेटस पढऩे वाले उसके मित्रों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए परिजनों को बता दिया होता तो शायद यह घटना रोकी जा सकती थी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें