चांपा. क्राइम ब्रांच और चांपा पुलिस की टीम ने स्थानीय थाना के पास चल रहे नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में संयुक्त टीम ने गुरूवार की सुबह 480 नग रिलेक्स कफ सिरप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि टीम के हत्थे चढ़ा आरोपी साइकिल दुकान की आड़ में लंबे समय से नशीली दवाओं का अवैध कारोबार कर रहा था।
क्राइम ब्रांच प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा नशे के सौदागरों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए दिए गए निर्देश के तारतम्य में जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गुरूवार 7 सितम्बर को मुखबिर के जरिए क्राइम ब्रांच को सूचना मिली कि थाना चौक के पास चाम्पा निवासी एक युवक अपने साइकिल स्टोर में अवैध रूप से नशीली सिरप कोरेक्स बेचता है और आज वह बड़ी मात्रा में सिरप लेकर आया है। मुखबिर से मिली सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) चाम्पा उदयन बेहार के मार्गदर्शन में घेराबंदी कर थानापारा चांपा निवासी युवक अमर देवांगन उर्फ बाड़ू (21) पिता ताराचंद देवांगन को उसके साइकिल स्टोर में पकड़ा गया। जांच के दौरान उसके कब्जे से नशीली रिलेक्स कफ सिरप की 4 पेटी बरामद हुई, जिसमें प्रत्येक में 120 नग रिलेक्स कफ सिरप भरा हुआ था। आरोपी के कब्जे से कुल 480 नग रिलेक्स कफ सिरप मिला, जिसे विधिवत् जब्त किया गया। मामले में आरोपी को धारा 22 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया।
क्राइम ब्रांच प्रभारी मिश्रा ने बताया कि आरोपी अमर देवांगन द्वारा काफी दिनों से कफ सिरप को नशे के रूप में उपयोग करने वाले युवकों को अवैध रूप से बेचा जा रहा था। आरोपी द्वारा काफी दिनों से रिलेक्स कफ सिरप बेचने की सूचना मिल रही थी। मामले में आरोपी के विरुद्ध थाना चाम्पा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। जब्त रिलेक्स कफ सिरप की अनुमानित कीमत 57 हजार 600 रुपए है। इस कार्रवाई में उनके अलावा चाम्पा थाना प्रभारी निरीक्षक केपी मरकाम, सहायक उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, सहायक उपनिरीक्षक एसएन मिश्रा, आरक्षक रेमनसिंह राजपूत, राजेश कोसले, लक्ष्मीकांत कश्यप, अतीश पारीक, राजेश शर्मा, प्रमिल मिंज शामिल थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें