बुधवार, 26 सितंबर 2018

क्षेत्रवासियों ने अपना वादा निभाया, CM ने झुनझुना थमाया, जिला तो नहीं पर दुग्धशीत केन्द्र और College खोलने की घोषणा

राजेन्द्र राठौर@जांजगीर-चांपा। अटल विकास यात्रा के तहत् बुधवार को सक्ती पहुंचे मुख्यमंत्री डाॅ. रमनसिंह ने क्षेत्रवासियों को एक बार फिर झुनझुना थमा दिया। मुख्यमंत्री डाॅ. सिंह ने जनभावना को पुनः ठेस पहुंचाते हुए सक्ती को राजस्व जिला बनाने की बात दरकिनार करते हुए सक्ती में दुग्धशीत केन्द्र खोलने की घोषणा की। इसके अलावा उन्होंने सक्ती के वार्ड क्रमांक 17 एवं 18 में 51 लाख रूपए के विकास कार्यों की घोषणा की। साथ ही 529.52 करोड रुपए के 82 विकास कार्यो का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

दरअसल, प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ. रमनसिंह अटल विकास यात्रा के तहत् बुधवार को सक्ती पहुंचे। यहां उन्होंने एक आमसभा को संबोधित किया तथा हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री बांटे। इस दौरान उन्होंने सक्ती में दुग्धशीत केन्द्र तथा शासकीय महाविद्यालय खोलने की घोषणा तो की, लेकिन क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग यानी सक्ती को राजस्व जिला बनाए जाने के विषय पर उन्होंने कुछ भी बोलना लाजिमी नहीं समझा, जबकि सक्ती, मालखरौदा, जैजैपुर और डभरा विकासखंड को मिलाकर सक्ती को राजस्व जिला बनाए जाने की मांग क्षेत्रवासी वर्षों से कर रहे हैं। सीएम डाॅ. सिंह ने सक्ती के लोगों को एक बार फिर झुनझुना थमाते हुए शहर के वार्ड क्रमांक 17 एवं 18 में 51 लाख रूपए के विकास कार्यों की घोषणा की। इसके साथ ही उनके द्वारा 529.52 करोड रुपए के 82 विकास कार्यो का लोकार्पण व शिलान्यास किया गया। इनमेें 406.01 करोड़ रुपए के 53 कार्यो का भूमिपूजन और 123.51 करोड़ रुपए के 29 कार्यो का लोकार्पण शामिल है। लोकार्पित कार्यो में प्रमुख रूप से डभरा (रामभांठा) व शिवरीनारायण (बारगांव) में निर्मित 132/33 केवी विद्युत उपकेन्द्र, जांजगीर-पामगढ़ 5.5 किलोमीटर सड़क, सक्ती-बासीनपाठ 5 किलोमीटर सड़क और सक्ती में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य अस्पताल शामिल है। वहीं कार्यक्रम में उन्होंने सक्ती-टुण्ड्री 31.48 किलोमीटर सड़क तथा जैजैपुर-मालखरौदा-गोबराभाठा 31.11 किलोमीटर सड़क का उन्नयन एवं चैड़ीकरण, सुन्दरेली से मसनियाकला 36 किलोमीटर सड़क का निर्माण पुलपुलिया सहित, बासीन-पासीद किरारी मार्ग 10 किलोमीटर और कांसा-तुरकापाली कटेकोनी मार्ग का चैड़ीकरण एवं मजबूतीकरण का भूमिपूजन भी किया। 

आपको बता दें कि सीएम डाॅ. सिंह के सक्ती प्रवास से क्षेत्रवासियों में एक बार फिर उम्मीद की किरण जगी थी। उन्हें लग रहा था कि चुनाव के ऐनवक्त पर सीएम डाॅ. सिंह सक्ती को राजस्व जिला बनाने की घोषणा कर उन्हें बड़ी सौगात जरूर देंगे, लेकिन क्षेत्रवासियों की उम्मीदों पर एक बार फिर पानी फिर गया। आपको बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव से पहले सक्ती में जिला बनाओ संघर्ष समिति के तत्वावधान में सक्ती को जिला बनाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन व रैली निकालकर आंदोलन किया गया था। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा सरकार की प्रायोजित विकास यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने इशारे ही इशारे में कहा था कि ताली एक हाथ से नहीं बजती। इससे उनका आशय था कि आप सक्ती से भाजपा विधायक दो और हम सक्ती को जिला बनाएंगे। क्षेत्रवासियों ने अपना वादा निभाते हुए डॉ. खिलावन साहू के रुप में भाजपा का विधायक तो चुन लिया, लेकिन मुख्यमंत्री डॉ. सिंह ने पांच वर्षों में अपना वादा पूर्ण नहीं किया। इस बात को लेकर क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें