मंगलवार, 21 मार्च 2017

अध्यक्ष पति बोला, दस रुपए में पूरा काम करोगी तो रखेंगे नौकरी पर!

विरोध करने पर रसोइया पद से किया पृथक, पीडि़त ने कलेक्टर से की शिकायत



नवागढ़. जिले के नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मिस्दा में संचालित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में विगत छह वर्षों से मध्याह्न भोजन तैयार कर रही एक महिला कर्मी को रसोइया संघ के अध्यक्ष एवं उसके पति ने काम से निकलवा दिया है। काम से निकाली गई महिला का आरोप है कि रसोइया संघ के अध्यक्ष का पति प्रतिदिन दस रुपए की दर से मध्याह्न भोजन बनाने तथा अपने घर में काम करने के लिए दबाव बना रहा है। इसका विरोध करने पर संकुल प्रभारी से मिलकर काम से पृथक करवा दिया गया है। 

जानकारी के अनुसार, नवागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मिस्दा में संचालित शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला में ग्राम की ही रत्ना साहू पति रामखिलावन साहू विगत छह वर्षों से मध्याह्न भोजन बना रही थी, उसे मनमाने तरीके से काम से निकाल दिया गया है। रत्ना साहू का आरोप है कि रसोइया संघ की अध्यक्ष अंजनी शुक्ला एवं उसके पति विनोद शुक्ला ने उसे यह कहकर काम से निकलवा दिया कि जो दस रुपए प्रतिदिन के हिसाब से मध्याह्न भोजन बनाएगी और उनके घर में काम करेगी, उसे ही नौकरी पर रखेंगे। इस बात का उसने विरोध किया तो गलत ढंग से प्रस्ताव कर काम से पृथक कर दिया गया। रत्ना साहू ने बताया कि इसकी शिकायत उसने कुछ दिनों पहले नवागढ़ के विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से की थी, जिस पर अधिकारियों ने मामले की जांच करवाई। जांच में उसे निर्दोष पाया गया तथा दोबारा काम पर रखने कहा गया, लेकिन उसे अब तक काम पर नहीं रखा गया है। उसका कहना है कि वह बेहद ही गरीब परिवार से है। यदि उसे काम पर नहीं रखा जाता है तो उसके और परिवार के समक्ष भूखों मरने की स्थिति निर्मित हो जाएगी। इधर, इस पूरे मामले की शिकायत पीडि़ता रत्ना साहू ने कलेक्टर को जनदर्शन कार्यक्रम में ज्ञापन सौंपकर की है। उसने मामले की जांच करवाकर फिर से काम पर रखे जाने तथा उसके खिलाफ साजिश करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें