रविवार, 26 मार्च 2017

सांसद के वाट्सअप ग्रुप में भेजा अश्लील मैसेज, एसपी से शिकायत

स्थानीय सांसद के कार्यकर्ताओं ने आवेदन प्रस्तुत कर कार्यवाही की मांग की

 

जांजगीर-चांपा. स्थानीय सांसद कमला देवी पाटले के कार्यालयीन वाट्सअप ग्रुप में एक युवक द्वारा अश्लील मैसेज भेजे जाने का मामला सामने आया है। वाट्सअप में वायरल हुए अश्लील मैसेज से सांसद के कार्यकर्ताओं में खासी नाराजगी है। यही वजह है कि उनके कुछ समर्थकों ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस अधीक्षक से करते हुए मैसेज वायरल करने वाले युवक के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव को क्षेत्रीय सांसद पाटले के समर्थकों द्वारा भेजे गए शिकायत पत्र में कहा गया है कि सांसद कार्यालय से जारी सूचनाओं तथा सांसद के कार्यक्रमों से संबंधित जानकारी दूर-दराज के कार्यकर्ताओं तक पहुंचाने के लिए सोशल एप्प वाट्सअप पर सांसद कार्यालय जांजगीर नामक ग्रुप बनाया गया है। इस ग्रुप में राजेश नामक एक युवक सदस्य है, जिसका मोबाइल नंबर 07828905740 है। बीते 24 मार्च को सुबह 11.44 बजे इस युवक ने ग्रुप में अश्लील एवं आपत्तिजनक मैसेज पोस्ट किया है। शिकायत में आगे कहा गया है कि सांसद कार्यालय जांजगीर के वाट्सअप ग्रुप में प्रदेश स्तर के प्रतिष्ठित व्यक्ति जुड़े हुए हैं। 

ऐसे ग्रुप में अश्लील एवं आपत्तिजनक मैसेज पोस्ट होने से ग्रुप के अन्य सभी सदस्यों को घोर आपत्ति है। शिकायतकर्ता प्रदीप पाटले एवं विकास यादव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यादव को वाट्सअप ग्रुप में पोस्ट हुए अश्लील मैजेस की प्रिंट प्रति सौंपकर मैसेज पोस्ट करने वाले युवक राजेश के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें