रविवार, 26 मार्च 2017

शिक्षक बोला-बेटी तुम चौकीदारी करो, मैं जरा आराम फरमा लूं!

बीईओ तक पहुंची शिकायत, प्राथमिक शाला पुटेकेला का मामला


जांजगीर-चांपा. ग्राम पुटेकेला के प्राथमिक शाला में पांचवी की परीक्षा के दौरान शिक्षक ने एक छात्रा को आने-जाने वालों पर निगरानी रखने प्रवेश द्वार पर बिठा दिया और वह खुद आफिस में आराम फरमाने लगा। मामले की शिकायत पर सक्ती के विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्यवाही करने की बात कही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासकीय प्राथमिक शाला पुटेकेला में बीते 22 मार्च को कक्षा 5वीं की परीक्षा संचालित हो रही थी। शाला में पदस्थ दो शिक्षकों में से मात्र एक शिक्षक धनंजय पटेल ने शाला के प्रवेश द्वार पर कक्षा 4थीं की छात्रा काजल जायसवाल को बैठा दिया और स्वयं कार्यालय में आराम फरमाने लगा। छात्रा से पूछे जाने पर उसने बताया कि शिक्षक द्वारा उसे प्रवेश द्वार पर बैठाकर किसी भी बाहरी व्यक्ति के आने पर तत्काल उन्हें सूचित करने की बात कही गई है। इस संबंध में शिक्षक धनंजय पटेल से पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि कुछ देर के लिए ऑफिस में बैठकर आराम कर रहे थे। 

एक अन्य छात्र ने बताया कि गणित विषय का पेपर था, जिसमें शिक्षक द्वारा छात्र-छात्राओं को प्रश्न पत्र हल करने में भी सहयोग किया गया। इससे यह स्पष्ट होता है कि ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय शालाओं में पदस्थ शिक्षक किस तरह अपने कार्यों को अंजाम देते हैं और कितनी ईमानदारी के साथ छात्रों से परीक्षा ली जाती हैं। इस संबंध में सक्ती निवासी मनोज दुबे ने बीईओ एमडी खुंटे को लिखित शिकायत की है। बीईओ ने शिकायत की जांच के बाद संबंधित शिक्षक पर कार्रवाई करने की बात कही है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें