रविवार, 26 मार्च 2017

चंद्रमा पर लगा ग्रहण, एसपी ने किया लाइन अटैच !

अब चंद्रपुर थाने की कमान संभालेंगे नए निरीक्षक आर्य


थाना और चौकी प्रभारियों की पदस्थापना में हुआ फेरबदल


जांजगीर-चांपा. वरिष्ठ निरीक्षक तथा चंद्रपुर थाना प्रभारी चंद्रमा सिंह पर उस वक्त ग्रहण लग गया, जब उनकी कार्यशैली से असंतुष्ट पुलिस कप्तान ने थाने का प्रभार छीनकर उन्हें लाइन अटैच कर दिया। एसपी कार्यालय से जारी नए आदेश के तहत चंद्रपुर थाने की कमान अब युवा निरीक्षक प्रदीप आर्य संभालेंगे। वे इससे पहले कोतवाली थाना जांजगीर में पदस्थ थे। पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना व चौकी प्रभारियों की पदस्थापना में अचानक फेरबदल किए जाने से पूरे महकमे में हडक़ंप मचा हुआ है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से 26 मार्च को जारी आदेश क्रमांक पुअ/जांचां/स्था./262/2017 के अनुसार, चंद्रपुर थाना प्रभारी निरीक्षक चंद्रमा सिंह राजपूत को वहां से हटाकर रक्षित केन्द्र जांजगीर में पदस्थ किया गया है। इसी तरह कोतवाली थाना जांजगीर में पदस्थ निरीक्षक प्रदीप आर्य को नए आदेश के तहत चंद्रपुर थाने की कमान सौंपी गई है। रक्षित केन्द्र जांजगीर में पदस्थ उपनिरीक्षक बीएस पैकरा को पंतोरा चौकी का प्रभार सौंपा गया है, वहीं रक्षित केन्द्र जांजगीर में ही तैनात उपनिरीक्षक महादेव राम को नैला चौकी की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तरह कोतवाली थाना जांजगीर में तैनात उपनिरीक्षक केपी टंडन को अकलतरा थाना तथा वहां पदस्थ उपनिरीक्षक राजकुमार धृतलहरे को सक्ती थाना में पदस्थ किया गया है। 

वहीं सक्ती थाना में पदस्थ उपनिरीक्षक दिलीप मण्डावी तथा शिवरीनारायण थाना में पदस्थ उपनिरीक्षक झाडूराम सिदार को रक्षित केन्द्र जांजगीर में तैनात किया गया है। इसी क्रम में नैला चौकी में पदस्थ हेतराम सिदार को शिवरीनारायण थाना में पदस्थ किया गया है। पुलिस महकमे में किए गए इस फेरबदल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव प्रशासनिक कसावट के साथ ही थाना-चौकी प्रभारियों के रिक्त पदों की पूर्ति करना बता रहे हैं, लेकिन महकमे में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि जिन निरीक्षक और उपनिरीक्षकों को थाना और चौकियों से रक्षित केन्द्र जांजगीर में तैनात किया गया है, उनकी कार्यशैली से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यादव काफी समय से नाराज थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें