महुदा गांव के दर्जनों लोग हुए फूड प्वाइजनिंग के शिकार
जांजगीर-चांपा. ग्राम महुदा में आयोजित नवधा रामायण के समापन अवसर पर शनिवार की रात प्रसाद के रूप में मिले हलुआ और रसगुल्ला को खाकर करीब चार दर्जन ग्रामीण फूड प्वाइजनिंग के शिकार हो गए। प्रसाद ग्रहण करने के बाद ग्रामीणों को पेचिस और उल्टियां होने लगी और एक-एक करके ग्रामीण बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। सभी प्रभावितों को देर रात चांपा स्थित बीडीएम शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से प्रभावित करीब तीन दर्जन ग्रामीणों को ऑब्र्जवेशन में रखा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलौदा विकासखंड के अंतर्गत ग्राम महुदा में ग्रामवासियों द्वारा अखण्ड नवधा रामायण का आयोजन किया जा रहा था, जिसका समापन शनिवार की शाम हुआ। समापन अवसर पर आयोजन समिति द्वारा ग्रामीणों को प्रसाद के रूप में हलुआ और रसगुल्ला बांटा गया। प्रसाद के रूप में प्राप्त हलुआ और रसगुल्ला को ग्रामीणों ने रात करीब 10 बजे जैसे ही खाया, उसके बाद उन्हें पेचिस और उल्टियां शुरू हो गई। एक-एक कर दर्जनों ग्रामीण उल्टियां करने लगे और बेहोश होकर जमीन पर गिर गए।
इससे मौके पर हडक़ंप मच गया। आयोजन समिति के पदाधिकारी सकते में आ गए और वाहन की व्यवस्था कर पहले करीब एक दर्जन प्रभावितों को चांपा स्थित बीडीएम शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं दूसरी ओर, फूड प्वाइजनिंग के शिकार होकर ग्रामीणों के बीमार होने का सिलसिला लगातार जारी रहा। एक-एक करके करीब चार दर्जन लोग बीमार हो गए। सभी प्रभावितों को रात करीब 12 बजे तक बीडीएम अस्पताल में दाखिल कराया गया। रविवार की सुबह करीब 11 ग्रामीणों की स्थिति में कुछ सुधार हुआ तो डॉक्टरों ने उन्हें आवश्यक दवाएं देकर डिस्चार्ज किया, जबकि करीब तीन दर्जन ग्रामीण अभी भी बीडीएम अस्पताल में ऑब्र्जवेशन में हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें