शनिवार, 25 मार्च 2017

महिलाओं के आंदोलन को मिला नेताओं का समर्थन

विधायक प्रतिनिधियों ने किया शराब दुकान का विरोध

 

नवीन कदम@चंद्रपुर. नगर के अजय गुप्ता मार्ग (हीरापुर) में शासन द्वारा कराए जा रहे देसी-विदेशी शराब दुकान निर्माण को लेकर वार्ड क्रमांक 5 की महिला पार्षद व मोहल्लेवासियों के साथ आसपास के ग्राम की महिलाओं द्वारा लगातार धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। महिलाओं के धरना-प्रदर्शन को विधायक प्रतिनिधि ने अपना समर्थन दिया है।
उल्लेखनीय है कि नगर पंचायत द्वारा शराब दुकान के लिए चयनित स्थान का महिलाओं द्वारा विरोध किए जाने के बाद ही नगर पंचायत अध्यक्ष पीआईसी के सदस्यों द्वारा आकस्मिक बैठक बुलाकर शराब दुकान के लिए चयनित भूमि की प्रक्रिया को निरस्त करने प्रस्ताव लाया गया था। इसके बाद कलेक्टोरेट पहुंचकर संबंधित महिलाओं ने उक्त भूमि पर शराब दुकान निर्माण नहीं कराने के संबंध में ज्ञापन सौंपा था, लेकिन शुक्रवार को ठेकेदार द्वारा पुन: उसी स्थान पर शराब दुकान निर्माण का कार्य आरम्भ किया गया। इसकी जानकारी मिलते ही सभी महिला संगठित होकर काम रूकवा कर धरना प्रदर्शन करने लगी। धरना के दौरान अपने प्रदर्शन को नीति सम्मत मानते हुई धरना स्थल पर चारों ओर राष्ट्र ध्वज भी आरोहित किया गया था। इसकी जानकारी मिलने पर तहसीलदार और आबकारी अधिकारी वहां पहुंचे और समझाइस दी, लेकिन महिलाओं ने उनकी एक न सुनी। वहीं शनिवार को भी बड़ी संख्या में महिलाएं दुकान निर्माण स्थल पर बैठकर धरना-प्रदर्शन करती रही। मगर प्रशासन की ओर से कोई भी जिम्मेदार अधिकारी नहीं पंहुचा। 

इधर, महिलाओं के प्रदर्शन का समर्थन करने पहुंचे जनपद अध्यक्ष टुकेश्वरी पटेल के पति एवं विधायक युद्धवीर सिंह जूदेव के जनपद प्रतिनिधि मनोज पटेल सहित विधायक प्रतिनिधि इमरान और वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद पति गौरी गुप्ता ने महिलाओं के आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि किसी भी कीमत पर इस स्थान पर शराब भट्टी न खोलने दिया जाएगा। आवश्यकता पडऩे पर वे स्वयं धरना-प्रदर्शन करने बैठेंगे। उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी के दबाव में आने की कोई आवश्यकता नहीं है। विधायक प्रतिनिधि मनोज पटेल और उनके साथियों के पहुंचने से महिलाओं में उत्साह का संचार हुआ और उन्होंने विधायक से भी समर्थन मांगने की बात कही, जिस पर पटेल ने कहा हम दोनों विधायक की ओर से पहुंचे हैं। 

नगर पंचायत के सीएमओ राजेश तिवारी ने बताया कि उक्त भूमि पर शराब दुकान निर्माण की स्वीकृति हो चुकी है। शराब दुकान का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। महिलाओं द्वारा उक्त स्थल पर दुकान निर्माण का विरोध किए जाने की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। आगे उनके दिशा-निर्देश पर उचित कार्यवाही की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें