शनिवार, 25 मार्च 2017

जनता कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उतारे कपड़े, निर्वस्त्र होकर किया विरोध

नवीन कदम@जांजगीर-चांपा. ठडग़ाबहरा में प्रस्तावित मेसर्स पारस पावर एण्ड कोल बेनिफिकेशन लिमिटेड की जनसुनवाई स्थल पर उस वक्त अजीबो-गरीब माहौल निर्मित हो गया, जब वहां मौजूद जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के कार्यकर्ता इब्राहिम मेमन, गिरधारी यादव, टिंकू मेमन सहित अन्य लोगों ने अपने कपड़े उतार दिए। निर्वस्त्र होकर उन्होंने जनसुनवाई का विरोध किया। 

सिर्फ इतना ही नहीं, इब्राहिम मेमन ने तो अपने पूरे कपड़े उतारकर विरोध-प्रदर्शन किया। जनता कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि शासन-प्रशासन उद्योगपतियों के हाथों बिक गए हैं। सत्ता पक्ष को जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। नगरपंचायत के अध्यक्ष एवं सारे पार्षद खरीद लिए गए हैं, इससे बड़ी दुखद बात और क्या हो सकती है। दरअसल, नगर पंचायत बलौदा के वार्ड क्रमांक ठडग़ाबहरा में मेसर्स पारस पावर एण्ड कोल बेनिफिकेशन लिमिटेड की 0.96 मिलियन टन वार्षिक क्षमता की एक कोलवाशरी प्रस्तावित है, जिसके लिए शनिवार को बलौदा के मंडी प्रांगण में पर्यावरणीय जनसुनवाई रखी गई थी। जिला प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर डीके सिंह, पर्यावरण संरक्षण मंडल बिलासपुर की क्षेत्रीय अधिकारी अनिता सावंत तथा जांजगीर एसडीएम अजय उरांव ने निर्धारित समय पर वहां उपस्थित होकर पर्यावरणीय जनसुनवाई शुरू कराई। शुरूआत में मेसर्स पारस पावर एण्ड कोल बेनिफिकेशन लिमिटेड के अधिकारियों ने कोलवाशरी के संंबंध में जानकारी दी। इसके बाद क्षेत्रवासियों को अपना पक्ष रखने के लिए आमंत्रित किया गया। इसके बाद क्षेत्रवासी एक-एक करके अपना पक्ष रखने लगे। इसी बीच जोरदार हंगामा हुआ और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। कुल मिलाकर, मेसर्स पारस पावर एण्ड कोल बेनिफिकेशन लिमिटेड की जनुसनवाई में शुरू से अंत तक हंगामा ही हुआ।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें