शनिवार, 25 मार्च 2017

कांग्रेसियों ने बनाई जनसुनवाई से दूरी, नपं के अध्यक्ष और पार्षद रहे नदारद

नवीन कदम@बलौदा. मामला चाहे लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ा हो या फिर औद्योगिक इकाईयों की स्थापना और उससे होने वाले प्रदूषण से, देश में प्रमुख विपक्षी दल कहलाने वाले कांग्रेस के जनप्रतिनिधि व पदाधिकारी हमेशा ऐसे मुद्दों को लेकर दूरी बनाएं रखते हैं। 


कोलवाशरी के लिए आयोजित जनसुनवाई में भी कुछ इसी तरह की स्थिति निर्मित हुई। क्षेत्रीय विधायक चुन्नीलाल साहू विधानसभा सत्र जारी होने की वजह से जनसुनवाई में शामिल नहीं हुए, लेकिन अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी जनसुनवाई से दूरी बनाए रखी। जबकि वे चाहते तो वहां पहुंचकर विरोध प्रकट कर सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस बात को लेकर भी क्षेत्रवासियों में खासा आक्रोश नजर आया। 

प्रस्तावित मेसर्स पारस पावर एण्ड कोल बेनिफिकेशन लिमिटेड की जनसुनवाई से नगरपंचायत के अध्यक्ष एवं पार्षदों ने भी दूरी बनाए रखी। जनसुनवाई स्थल पर लोगों ने आरोप लगाते हुए चीख-चीखकर कहा कि नपं के अध्यक्ष और सभी पार्षद बिक गए हैं। कोलवाशरी के मालिक ने उन्हें मुंहमांगी रकम देकर खरीद लिया है। लोगों का आरोप था कि इसी वजह से नपं के जनप्रतिनिधि अपना चेहरा नहीं दिखा पा रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें