साइकिल रैली चार दिनों से घूम रही पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांवों में

पामगढ़. बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम की याद में बहुजन समाज पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांवों में साइकिल रैली निकाल रहे हैं। बसपा की यह रैली चार दिन पहले शुरू हुई है। रैली में शामिल बसपाई क्षेत्र के गांवों में भ्रमण कर लोगों को कांशीराम से संबंधित जानकारी दे रहे हैं।
बहुजन समाज पार्टी के संस्थापक कांशीराम ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से की थी। जांजगीर-चांपा जिला भी उनकी कर्मभूमि मानी जाती है। जिले के पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में बसपा का हमेशा से जनाधार रहा है। हालांकि इस पार्टी का प्रत्याशी पिछली बार यहां से विधानसभा चुनाव नहीं जीत सका, लेकिन उनका प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। आगामी विधानसभा चुनाव को अभी लगभग डेढ़ साल बचे हुए हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए बसपाई फिर से यहां अपनी जड़े मजबूत करने में अभी से लग गए हैं। यही वजह है कि बसपा के संस्थापक कांशीराम की याद में चार दिन पहले यहां 100 साइकिलों के साथ साइकिल रैली की शुरूआत की गई है। साइकिल रैली के जिला संयोजक जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष रोहित डहरिया हैं। उनकी अगुवाई में पामगढ़ जनपद अध्यक्ष डमरू मनहर, बलराम टंडन, मुकेश रात्रे, उत्तम भारद्धाज सहित अन्य कार्यकर्ता क्षेत्र के गांव-गांव में पहुंचकर पार्टी को मजबूत करने में जुटे हुए हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें