शनिवार, 4 मार्च 2017

आदिवासियों ने कहा-मकान और खेत का पट्टा दो!!

रैली निकाल राज्यपाल व सीएम के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

सक्ती.
मकान एवं खेत के पट्टे की मांग करते हुए आदिवासियों ने भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्व में रैली निकाली, जो नगर के मुख्य मार्गो से होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची। वहां राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। 

ग्राम पंचायत खूंटादहरा के आश्रित ग्राम सबरिया डेरा भुरसीडीह के आदिवासियों ने तीन मार्च को रेलवे स्टेशन से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता अनिल शर्मा, गोपाल यादव, केडी महंत, गोविंद सिंह सबरिया,ए माखन लाल के नेतृत्व में रैली निकाली। ज्ञापन में बताया गया है कि सबरिया डेरा भोरसीडीह (जेठा) में 30-40 वर्ष पहले से आज तक निवास करते आ रहे गरीब सबरिया समय-समय पर कई बार शासन और उनके बड़े अधिकारियों से उनके काबिज खेत की जमीन और झोपडिय़ों की पट्टा की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन मांग नहीं मानी जा रही है। उनका आरोप है कि सबरिया आदिवासियों के लिए सरकार कुछ नहीं कर रही है। उनके मोहल्ले में इंदिरा आवास के तहत पांच मकान बनाए गए हैं। मिट्टी की दीवार एवं खपरैल वाले 54 झोपडिय़ों में 83 पुरुष, 78 महिलाएं और 61 बच्चों सहित 222 लोग रहते हैं। उनका आरोप है कि सरकार उन्हें हटाकर और झोपडिय़ों को तोडक़र सरकारी कार्यालय बनाने की योजना बना रही है। रेलवे स्टेशन से रैली निकाली एसडीएम कार्यालय पहुंची, परंतु एसडीएम की अनुपस्थिति में तहसीलदार रजनी छड़ीमणी को ज्ञापन सौंपा गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें