जांजगीर-चांपा. सहकारी समितियों के चुनाव की तिथि निर्धारित होने के बाद समितियों में सरगर्मी तेज हो गई है। सहकारिता चुनाव को लेकर सर्वाधिक सरगर्मी सारागांव समिति में नजर आ रही है। इसका मुख्य कारण यह है कि यहां पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. चरणदास महंत की भाई बहु सहित कई नामचीन लोग चुनाव मैदान में उतर रहे हैं। इससे सहकारी समिति का चुनाव काफी रोचक हो गया है।
उल्लेखनीय है कि जिले में पंजीकृत 121 सेवा सहकारी समितियों में चुनाव तीन चरणों में होना है। प्रथम चरण में 35 समितियों के नामांकन समाप्त होने के बाद चुनावी महौल गहराने लगा है। प्रथम चरण के 13 समितियों की निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति बनी है, जबकि शेष 22 समितियों में विभिन्ना पदों के लिए 567 उम्मीदारों मैदान में हैं। चुनाव चिन्ह आबंटित होने के बाद समितियों में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहकारी समिति सारागांव से पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. चरणदास महंत की भाई बहु श्रद्धा महंत इस बार चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमाने उतरी है। श्रद्धा महंत नेहरू युवा केन्द्र के जिला समन्वयक राजेशदास महंत की धर्मपत्नी हैं। इनके द्वारा नामांकन दाखिल किए जाने से चुनाव काफी रोचक हो गया है। खास बात यह है कि इनके अलावा वरिष्ठ पत्रकार रविशंकर पाण्डेय, पत्रकार राजकुमार राठौर सहित ऐसे दर्जनों नामचीन लोग इस बार सहकारिता चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इससे नगर सहित आसपास के क्षेत्र में चुनाव को लेकर खासा माहौल बना हुआ है।
ज्ञात हो कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में पंजीकृत 121 सहकारी सेवा समितियों में विभिन्न पदों का निर्वाचन कराया जाना है। जिले में सभी पंजीकृत समितियों का चुनाव तीन चरणों में किया जा रहा है। निर्वाचन आयोग द्वारा भंग सभी समितियों के लिए निर्वाचन अधिकारी और रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की नियुक्त की गई है। विभाग द्वारा समितियों का निर्वाचन तीन चरणों में पूरा किया जा रहा है। प्रथम चरण में 35 समितियों के लिए नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि 6 जून निर्धारित थी। इनमें से 13 समितियों में निर्विरोध निर्वाचन की स्थिति है। इसी तरह इनमें से शेष 22 समितियों के 73 वर्गो में 567 उम्मीदवारों का नामांकन वैध पया गया। इसी तरह निर्वाचन शाखा द्वारा सभी उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आबंटित किया गया है। चुनाव चिन्ह आबंटन होने के बाद समितियों में उम्मीदवार मतदाताओं के घर-घर जाकर संपर्क कर रहे हैं। प्रथम चरण के तहत इन समितियों में 18 जून को संचालक मण्डल के निर्वाचन के लिए मतदान सुबह आठ से दोपहर तीन बजे तक होगा। मतदान पूर्ण होने के बाद आधे घण्टे बाद मतगणना होगी। वहीं 27 जून को अध्यक्ष,उपाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों का चुनाव होगा। चुनाव तिथि निर्धारित होने के साथ ही समितियों में चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें