जांजगीर-चांपा. नगरपालिका परिषद चांपा क्षेत्र के पीआईएल रोड से गुजरने वाले भारी वाहनों को रोककर कुछ बाहुबली अवैध वसूली कर रहे हैं। नगरपालिका के अस्थायी दखल के नाम पर यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों से खुलेआम लूटखसोट की जा रही है। अवैध उगाही का यह खेल पिछले डेढ़-दो माह से चल रहा है, जिसकी जानकारी स्थानीय प्रशासनिक अफसरों को है, बावजूद इसके वे चुप्पी साधे हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि कुछ वर्ष पहले तक लोकनिर्माण विभाग द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों पर टोल नाका संचालित किया जा रहा था, जिसके संचालन के लिए बकायदा हर साल ठेका होता था। टोल नाका से गुजरने वाले वाहनों का टैक्स लोकनिर्माण विभाग ही निर्धारित करता था। मगर पिछले कुछ सालों से जिले में टोल नाका का संचालन शासन स्तर से ही बंद करवा दिया गया है। वर्तमान में जिले में एक भी टोल नाका संचालित नहीं है। इसका फायदा चांपा के कुछ बाहुबली लोगों द्वारा उठाया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांपा के कुछ दबंगों ने पीआईएल रोड में कैम्प लगाया है, जहां से गुजरने वाले भारी वाहनों को रोककर अवैध वसूली की जा रही है। बताया जा रहा है कि यहां नगरपालिका के अस्थायी दखल के नाम पर वाहन चालकों से खुलेआम लूटखसोट की जा रही है।
अवैध उगाही का यह गोरखधंधा पिछले डेढ़-दो माह से चल रहा है। कुछ वाहन चालकों ने बताया कि अस्थायी दखल के नाम पर यहां से गुजरने वाले एक-एक वाहन से तीस से चालीस रुपए वसूला जा रहा है। वसूल की गई राशि की रसीद भी दी जा रही है, जिसमें स्पष्ट तौर पर विविध शुल्क का उल्लेख है, जबकि भारी वाहन नपा क्षेत्र में न तो अस्थायी दखल दे रहे हैं और न ही उनके चालकों द्वारा वहां वाहनों को रोककर कोई व्यापार-व्यवसाय किया जा रहा है। इसके बावजूद वाहन चालकों से अस्थायी दखल के नाम पर लूटखसोट करना समझ से परे है। बहरहाल, चांपा नपा क्षेत्र में खुलेआम चल रहे इस अवैध उगाही की खबर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों को भी है, लेकिन उन्होंने इस अवैध वसूली को बंद करवाने अब तक कोई कदम नहीं उठाया है। यही वजह है कि बाहुबली लोग उनकी आंखों के सामने वाहन चालकों से लूटखसोट करने कोई गुरेज नहीं कर रहे हैं।
डंडे के दम पर की जा रही अवैध उगाही
पीआईएल रोड में कैम्प लगाकर बाहुबली लोग डंडे के दम पर वाहन चालकों से अवैध उगाही कर रहे हैं और इसे अस्थायी दखल का नाम दिया जा रहा है। वाहन चालकों के अनुसार, कुछ चालकों को वसूल की गई राशि की रसीद भी दी गई है, जिसमें विविध शुल्क प्रिंट है। कुछ वाहन चालकों ने बताया कि इस संबंध में जब उन्होंने संबंधित लोगों से बात की तो उन्हें डंडे का भय दिखाया गया। साथ ही यह नसीहत दी गई कि यहां से वाहन गुजरने के एवज में उन्हें राशि देनी ही पड़ेगी। यदि राशि नहीं देंगे तो वाहन गुजारने नहीं दिया जाएगा। वाहन चालकों का कहना है कि यदि उनके वाहन एक घंटे भी खड़े हो जाते हैं तो उन्हें खासा नुकसान उठाना पड़ेगा, इसलिए बाहुबलियों को राशि देने की मजबूरी है।
सीएमओ व अध्यक्ष के संरक्षण में उगाही
बताया जा रहा है कि चांपा के पीआईएल रोड में नगरपालिका सीएमओ ज्योत्सना टोप्पो और नपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल के संरक्षण में अवैध उगाही का खेल चल रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2017-18 के लिए केवल बाजार, अस्थायी दुकान लगाने वाले व्यापारी एवं नपा के काम्पलेक्स से टैक्स वसूली का प्रस्ताव नगरपालिका परिषद में पारित हुआ है। पारित बजट प्रस्ताव में अस्थायी दखल के नाम पर भारी वाहन चालकों से वसूली का कही कोई जिक्र ही नहीं है। इसके बावजूद नपा सीएमओ और अध्यक्ष ने अपने कुछ करीबी लोगों को पीआईएल रोड में अस्थायी दखल के नाम पर लूटखसोट करने की खुली छूट दे रखी है। इससे सीएमओ और अध्यक्ष की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
एसडीएम से मामले की जांच करवाएंगे
चांपा के पीआईएल रोड में अस्थायी दखल के नाम पर वाहन चालकों से राशि वसूली के संबंध में जानकारी नहीं है। यदि ऐसा हो रहा होगा तो चांपा के एसडीएम से मामले की जांच करवाएंगे। जांच में यदि अवैध कृत्य होना पाया जाएगा तो संबंधितों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
-डीके सिंह, अपर कलेक्टर, जांजगीर
जो जानकारी चाहिए, लिखित आवेदन दें
नगरपालिका द्वारा पीआईएल रोड से गुजरने वाले वाहन चालकों से अस्थायी दखल के नाम पर शुल्क वसूली कराई जा रही है। इस संबंध में जो भी जानकारी चाहिए, लिखित में आवेदन दें। आवेदन मिलने के बाद चाही गई जानकारी लिखित में उपलब्ध करवाई जाएगी।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें