आयोग अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार हुआ आगमन
जांजगीर-चांपा. राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष एवं भाजपा के तेज तर्रार नेता नंदकुमार साय अपने एक दिवसीय प्रवास पर शुक्रवार को जांजगीर और चांपा पहुंचे। कार्यकर्ता एवं समर्थकों ने दोनों शहरों में उनका जगह-जगह जोरदार स्वागत किया। भाजपा नेता साय आयोग अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार जिले में पहुंचे थे।राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष साय का शुक्रवार की सुबह कोरबा से उरगा, मड़वारानी मुख्य मार्ग होते हुए जिला में आगमन हुआ। उनका सिवनी मोड़ में कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। यहां से कुरदा प्रवेश करते हुए जगदल्ला तहसील रोड स्थित शहीद वीर नारायण सिंह, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर व गुरू घासीदास बाबा जैत स्तंभ में पहुंचे, जहां उन्होंने माल्यार्पण व पूजा-अर्चना की। इसके बाद सिंधी कालोनी, बरपाली चौक, मंझली तालाब, लायंस चौक, राजकिरण दुग्गड़ उद्यान चौक पहुंचे। इन स्थानों में विभिन्न संगठनों द्वारा उनका स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने शहीद स्मारक थाना चौक में वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी तरह श्रीकृष्ण गौशाला चांपा में विभिन्न संगठनों द्वारा उनका स्वागत किया गया। दोपहर में उन्होंने सुभाष चौक में नेताजी सुभाषचंद्र बोस एवं आजाद चौक बेरियर में चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वे सर्किट हाउस जांजगीर पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं से भेंट किया।
आदिवासियों को हक दिलाएंगे-साय
चांपा में पत्रकारों से चर्चा करते हुए अजजा आयोग के राष्ट्रीय अध्यक्ष नंदकुमार साय ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी है, जिस पर खरा उतरना उनका मकसद होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में आदिवासियों की बड़ी आबादी निवास करती है। ऐसे में उन आदिवासियों को उनका हक दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। कार्यभार ग्रहण करने के बाद वे विभिन्न जिलों का दौरा कर वहां की जानकारी एकत्रित कर रहे हैं। आगामी दिनों में आयोग को मजबूत बनाने भरसक प्रयास किया जाएगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें