शुक्रवार, 17 मार्च 2017

बाबा कलेश्वर नाथ की निकली बारात, नागा साधुओं सहित हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

रंगपंचमीं से पीथमपुर में 15 दिवसीय मेला हुआ शुरू

 

जांजगीर-चांपा. अंचल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीथमपुर में शुक्रवार की शाम धूम-धाम से बाबा कलेश्वरनाथ की बारात निकली, जिसमें देश भर से आए नागा साधुओं सहित हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। इसी के साथ 15 दिवसीय मेला शुरू हो गया। 

जिला मुख्यालय से 11 किलोमीटर दूर हसदेव नदी के दक्षिणी तट पर स्थित ग्राम पीथमपुर में बाबा कलेश्वरनाथ विराजित है। महाशिवरात्रि के बाद रंगपंचमी से यहां हर वर्ष 15 दिवसीय मेला लगता है। मेला प्रारंभ होने के पूर्व मंदिर से बाबा कलेश्वरनाथ की बारात निकाली जाती है। यह परंपरा सैकड़ों वर्ष पुरानी है। इस परंपरा को कायम रखते हुए शुक्रवार की शाम पीथमपुर के मंदिर से चांदी के पालकी में सवार बाबा कलेश्वरनाथ की बारात बाजे-गाजे के साथ निकाली गई। बारात के सामने देश भर से आए नागा साधु शौर्य प्रदर्शन करते चल रहे थे। मंदिर से निकली बारात गांव की प्रमुख गलियोंं से होते हुए हसदेव नदी के तट पर पहुंची। यहां बाबा की पूजा-अर्चना के बाद नागा साधुओं ने शाही स्नान किया। इसके बाद बाबा की बारात वापस मंदिर के लिए रवाना हुई। इस दौरान कलेश्वरनाथ की एक झलक पाने के लिए श्रद्धालु एक-दूसरे पर टूट पड़ रहे थे। मंदिर पहुंचने पर विधि-विधान से बाबा की चांदी की पालकी को मूर्ति सहित स्थापित किया गया और प्रसाद वितरण कर बाबा का जयघोष किया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें