शनिवार, 15 अप्रैल 2017

बेटी की शादी के लिए विधवा मां ने जोड़ा था सामान, बारात आती उससे पहले घर में लगी आग, सारा सामान जलकर खाक

जांजगीर-चांपा. एक विधवा मां ने अपनी बेटी के हाथ पीले करने के लिए बड़ी मशक्कत करके सामान जोड़ा था। शनिवार को उसके घर बारात आने वाली थी, इससे पहले शुक्रवार की रात शॉर्ट-सर्किट की वजह से घर में भीषण आग लग गई, जिससे दहेज़ का सारा सामान जलकर खाक हो गया। घटना बम्हनीडीह थाना अंतर्गत ग्राम तालदेवरी की है। पीड़ित विधवा की रिपोर्ट पर पुलिस आगजनी का मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम तालदेवरी निवासी श्यामकुंवर साहू के पति आत्माराम की मौत कुछ साल पहले हो गई है। पति की मौत के बाद विधवा श्यामकुंवर ने अपनी चार बेटियों का पालन पोषण किया। उसके तीसरे नंबर की बेटी की हाल ही में शादी तय हुई थी, जिसके लिए विधवा ने पाई-पाई जुटाकर दहेज का सामान खरीदा था। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार, शनिवार की शाम बारात आने वाली थी। घर के सभी सदस्य शादी की तैयारी में जुटे हुए थे। इसी बीच शुक्रवार की देर रात शार्ट-सर्किट से घर में आग लग गई, जिससे दहेज के लिए एकत्रित कर रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। 

काफी मशक्कत के बाद आग पर तो काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक कोई सामान नहीं बचा था। रविवार की सुबह पीड़िता श्याम कुंवर ने घटना की जानकारी आसपास के लोगों को दी और मामले से पुलिस को अवगत कराया गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि इस हादसे से उन्हें काफी क्षति हुई है। हादसे ने उनके सपने को चूर-चूर किया है मामले की सूचना पर बम्हनीडीह पुलिस आगजनी का केस दर्ज कर जांच में जुटी है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें