गुरुवार, 20 अप्रैल 2017

दो साल तक पद पर रहने के बाद सरपंच की गई कुर्सी, पराजित प्रत्याशी छह मतों से जीती चुनाव

सक्ती के एसडीएम कार्यालय में हुई पुर्नमतगणना, नया परिणाम घोषित


सक्ती. ग्राम पंचायत खुंटादहरा में हुए पंचायत चुनाव में सरपंच पद के लिए कौशिल्या पटेल ने छह मतों से जीत हासिल की थी। पराजित प्रत्याशी कौशिल्या राठौर ने मतगणना से असंतुष्ट होकर पुर्नमतगणना का आवेदन अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को सौंपा था। एसडीएम कार्यालय में 20 अप्रैल को पुर्नमतगणना कराई गई, जिसमें कौशिल्या पटेल को 234 मत प्राप्त हुए, जबकि कौशिल्या राठौर को 240 मत मिले। ऐसे में एसडीएम ने चुनाव में पराजित हुई महिला प्रत्याशी कौशिल्या राठौर के छह मतों से विजय होने तथा पूर्व के चुनाव परिणाम के शून्य होने की घोषणा की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरपंच प्रत्याशी रही कौशिल्या राठौर पति डहारू राठौर के आवेदन पर एसडीएम ने 20 अप्रैल को एसडीएम कार्यालय में पुर्नमतगणना की प्रक्रिया पूरी करवाई। इस दौरान सभी पक्षों के अधिवक्ता तथा जनपद अधिकारी मौजूद रहे। पुर्नमतगणना में कौशिल्या राठौर को 240 मत प्राप्त हुए, जबकि मौजूदा सरपंच कौशिल्या महेन्द्र पटेल के पक्ष में 234 मत निकले। इस तरह सरपंच कौशिल्या महेन्द्र पटेल के सरपंच निर्वाचित होने की घोषणा को निरस्त करते हुए कौशिल्या राठौर के सरपंच निर्वाचित होने की घोषणा एसडीएम द्वारा की गई। 

ज्ञात हो कि ग्राम पंचायत खुंटादहरा में सरपंच पद के लिए छह प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें कौशिल्या राठौर, कौशिल्या पटेल, ज्योति राठौर, प्रीती राठौर, रेवती बाई पटेल और लकेश्वरी का नाम शामिल है। कुल 898 मत पड़े थे, जिसमें से 78 मतों को निरस्त किया गया था। वहीं 820 मत वैध पाए गए थे। चुनाव में सरपंच प्रत्याशी कौशिल्या राठौर छह मतों से पराजित हो गई थी, जिस पर असंतुष्टता जाहिर करते हुए उन्होंने पुर्नमतगणना के लिए आवेदन दिया था। पुर्नमतगणना में वे छह मतों से विजयी घोषित हुई। इस तरह मौजूदा सरपंच कौशिल्या पटेल को दो साल तक सरपंची करने के बाद पद से हटना पड़ गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें