जांजगीर-चांपा. अकलतरा कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस को चकमा देकर एक बंदी फरार हो गया था। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है। एक साथी ने बंदी को कोर्ट परिसर से भगाने में मदद की थी। वहीं मुख्य आरोपी सहित तीन युवकों ने मिलकर कुछ माह पहले हत्या के प्रयास के वारदात को अंजाम दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी तो पकड़ा गया था, लेकिन उसके दो साथी फरार चल रहे थे। पुलिस को चकमा देकर कोर्ट से भागने वाला आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
अकलतरा पुलिस ने बताया कि नजबुनिशा नामक महिला ने 28 अगस्त 2016 को थाने में आकर मौखिक शिकायत दर्ज कराई कि उसके बेटे इकबाल के साथ आबिद के बेटे साबिद खान ने पुरानी रंजिश पर फावड़ा से हत्या करने की नीयत से मारपीट की है, जिससे उसके सिर में गंभीर चोंट आई है। जांच के दौरान आहत इकबाल खान का कथन लिया गया। बयान में उसने बताया कि पड़ोस में रहने वाले गुलशेर खान की लडक़ी नुसरत उर्फ निक्की उसकी दोस्त है। दोनों के बीच बातचीत होती है। इसी वर्ष रमजान के पहले निक्की बिलासपुर के आबिद के बेटे साबिद खान के साथ भागकर उसे पति बनाकर उसी के घर रह रही थी। दो-तीन दिन बाद इसे मोबाइल फोन से बात की।
इसी रंजिश को लेकर 28 अगस्त 2016 को साबिद खान ने उसे अपने पास बुलाया। वहां जाने पर साबिद खान अपने दो साथियों के साथ खड़ा था। बातचीत करते हुए उसे गुलशेर खान के घर के पास ले गए, जहां साबिद खान ने उस पर पत्नी के साथ अवैध संबंध रखने का आरोप लगाते हुए राहुल और सोनू के साथ मिलकर इकबाल की कनपटी पर फावड़ा से हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे। आरोपी साबिद खान को पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया था। वहीं मामले में संलिप्त उसके दो साथी फरार थे। बीते 15 अप्रैल को जिला जेल जांजगीर में निरूद्ध साबिद खान से मुलाकात करने सोनू पहुंचा था। वहां साबिद खान को जेल से भगाने की योजना बनाई गई। बीते 17 अप्रैल को तीन पुलिस आरक्षक जब साबिद को पेशी कराने अकलतरा कोर्ट लेकर गए वहां पहले से मौजूद जीवनदास नामक युवक उसे बाइक पर बिठाकर भाग निकला।
मुखबिर के जरिए इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस ने जब सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने साबिद को अपने साथी जीवनदास मानिकपुरी के जरिए कोर्ट से भगाने में मदद करने की बात कबूल की। उसने बताया कि धुरीपारा मंगला बिलासपुर निवासी जीवनदास मानिकपुरी पिता राजकुमार मानिकपुरी ने बंदी साबिद खान को अपनी बाइक पर बिठाकर कोर्ट परिसर से भागने में मदद की थी। आरोपी सोनू की निशानदेही पर पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त बाइक बरामद किया है।
वहीं इस मामले में संलिप्त धुरीपारा मंगला बिलासपुर निवासी सोनू उर्फ सत्यप्रकाश मंगेशकर पिता धनसाय मंगेशकर, धुरीपारा मंगला बिलासपुर निवासी राहुल उर्फ आशीष कुमार सोनी पिता किशन प्रसाद सोनी तथा धुरीपारा मंगला बिलासपुर निवासी जीवनदास मानिकपुरी पिता राजकुमार मानिकपुरी को अलग-अलग धाराओं के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें