बुधवार, 5 अप्रैल 2017

महाअष्टमी पर चढ़ी अठवाई, नवमीं पर हुआ कन्या पूजन

दोनों दिन सुबह से रात तक देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़

 

जांजगीर-चांपा. चैत्र नवरात्रि की महाअष्टमी पर मंगलवार को भक्तों ने मां दुर्गा को अठवाई चढ़ाई और हवन-पूजनकर मंगल आशीष मांगा। साथ ही मनोकामनाओं को पूर्ण करने मन्नतें मांगते रहे। इसी तरह नवमीं के दिन घर-घर कुंवारी कन्याओं का पूजन कर उनसे आशीर्वाद लिया गया।


महाअष्टमी पर मंगलवार सुबह से ही भक्तों के मंदिर पहुंचने का सिलसिला प्रारंभ हो गया था। मां के दरबार में भक्त घी से बनी आठ पुड़ी और हलवा से सजी अठवाई की थाल लिए खड़े रहे। मां को साड़ी और चुनरी से सजी श्रृंगार सामग्री भी अर्पित की। सुबह से ही जिला मुख्यालय के शारदा मंदिर, देवी मंदिर, खोखरा स्थित मनका दाई मंदिर, ग्राम हरदी स्थित महामाया मंदिर, अड़भार स्थित अष्टभुजी मंदिर, चंद्रपुर स्थित चंद्रहासिनी मंदिर सहित सभी देवी मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना हुई। 


महाअष्टमी की पूजा के साथ ही भक्तों ने मां को अठवाई के साथ ही विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाया और मां को श्रृंगार सामग्री अर्पितकर अपनी मनोकामना पूर्ण करने अर्जी लगाते रहे। सुबह से लेकर देर शाम तक मंदिर में भक्तों की कतार लगी रही। इससे आस्थामय माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में भक्तों ने दर्शन लाभ लिया। देर शाम महाआरती के बाद मंदिरों में जसगीतों से देवी आस्था की अलख देर रात्रि तक जगती रही। इसी तरह नवमीं के दिन लोगों ने कुंवारी कन्याओं को भोज कराकर यथाशक्ति दान दिया। साथ ही उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें