मंगलवार, 4 अप्रैल 2017

सूखापाली में लोक समाधान शिविर आयोजित, ग्रामीणों को मिली आवेदनों के निराकरण की जानकारी

जांजगीर-चांपा. लोक सुराज अभियान 2017 के तहत मंगलवार को डभरा विकासखण्ड के ग्राम सूखापाली में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पंचायत प्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में ग्रामीणों को एक हजार 595 आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी गई। 


ग्राम पंचायत सूखापाली को ओडीएफ  घोषित होने पर गांव के सरपंच विजय कुर्रे को सम्मानित किया गया। समाधान शिविर में सुखापाली कलस्टर के ग्राम पंचायत कवलाझर, खुरघट्टी, सिरियागढ़, कूसूमझर, खोंधरा, खैरा, बसंतपुर, नवापारा, उपनी, ठनगन और रामभाठा से प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी दी गई। सूखापाली के दिव्यांग रामकुमार और शत्रुघन ने विगत 28 फरवरी को आयोजित आवेदन संकलन शिविर में दिव्यांग पेंशन के लिए आवेदन दिया था। समाधान शिविर में दोनों हितग्राहियों को मंगलवार से राष्ट्रीय नि:शक्तजन पेंशन योजना का लाभ मिलना शुरू हो गया। 


इस योजना में नाम शामिल होने पर खुशी जाहिर करते हुए राम कुमार और शत्रुघन ने लोक सुराज अभियान को सफल बताया। इसके लिए उन्होंने राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया है।  समाधान शिविर में राज्य अंत्यावसायी वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष निर्मल सिंहा ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश व्यापी लोक सुराज अभियान के तहत मांग व शिकायत के आवेदन जमा करवाए गए थे, जिसके पारदर्शी निराकरण के लिए शिविर लगा कर जानकारी दी जा रही है। शिविर में आवेदकों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया जा रहा है। कार्यक्रम को जिला पंचायत सदस्य पितांबर पटेल, तुलसी साहू, जनपद पंचायत डभरा की अध्यक्ष टुकेश्वरी पटेल व हेमंत पटेल ने भी संबोधित किया। 


कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन ने ग्रामीणों से चर्चा के दौरान बताया कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए समाधान शिविर का समय सवेरे नौ बजे से दोपहर एक बजे तक रखा गया है। उन्होंने सभी संबधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में निराकरण की जानकारी निर्धारित समय में प्रारंभ कर दें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत डभरा विकासखण्ड को आगामी 15 जून तक ओडीएफ  घोषित करना प्रस्तावित है, इसके लिए ग्रामीणों को जागरूकता का परिचय देना होगा। 


जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजीत बसंत ने कहा कि दो हजार 400 आबादी वाले सुखापाली में शत-प्रतिशत घरों में शौचालय बनने पर इसे ओडीएफ  घोषित किया गया है। यह पूरे गांव की प्रतिष्ठा का विषय है। घरों में बनाए गए शौचालयों का समुचित उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि हितग्राहियों को प्रोत्साहन राशि शीघ्र उपलब्ध करा दी जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें