पामगढ़.
लोक सुराज अभियान के तीसरे चरण के तहत पामगढ़ विकासखण्ड के ग्राम लगरा
में आयोजित समाधान शिविर में पचरी के शिव नारायण खुंटे और उनके भतीजे
योगेश कुमार को नया किसान किताब (ऋण पुस्तिका) मिल गया है। शिव नारायण
ने दीमक लगने से खराब होने और योगेश ने किसान किताब गुम होने पर लोक सुराज
अभियान के पहले चरण में पिछले 28 फरवरी को पामगढ़ के ग्राम पचरी में आवेदन
संकलन शिविर में आवेदन दिया था।
लोक सुराज अभियान के दौरान आवेदनों पर समय
में हुई कार्रवाई की दोनों चाचा भतीजे ने काफी सराहना की है। दोनों ने कहा
कि ऋण पुस्तिका मिल गई है, इसके लिए अब उन्हें इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं
है। चाचा-भतीजे ने कहा कि इस कार्रवाई से शासन के प्रति उनका विश्वास बढ़ा
है। इनके अलावा शिविर में लोक सुराज के अंतर्गत चोरभट्ठी के हीरालाल,
घनाराम और समारू से प्राप्त आवेदन के अनुसार उनके नक्शा, खसरा और बी-वन की
ऑनलाईन एण्ट्री होने की आज जानकारी दी गई है। बताया गया कि चोरभट्ठी के ही
केशव दास के सीमांकन और पुनीराम के फौती नामांतरण का प्रकरण भी निराकृत हो
गया है। आवेदन
संकलन शिविर लगने के दौरान फरवरी माह में लगरा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने
अधिक बिजली बिल आने की शिकायत की थी, इस शिकायत पर कार्रवाई हुई और उनके
बिल में सुधार के बाद बिजली बिल की राशि तीन हजार तीन सौ चालीस रूपये से कम
होकर ढाई सौ रूपये हो गया। इसी प्रकार भदरा की रामायण बाई के यहां 13
हजार 683 बिल आया था, अधिक बिल की शिकायत पर उनका बिल सुधर कर अब नौ हजार
440 रूपये बना है। पचरी के तेजा सिंह के घर का बिजली बिल भी 35 हजार 902
रूपये से सुधार कर 11 हजार 940 रूपये कर दिया गया है। लोक
सुराज अभियान के तहत आवेदन जमा करने पर विभिन्न पेंशन योजनाओं में नाम
जुड़ने से लोग खुश है। लगरा शिविर में आज ग्राम लगरा के छेदू सिंह चौहान,
खपरी के सुंदरलाल कुर्मी, भदरा के लालेराम, मुड़पार की बुधबाई, सिल्ली की
अमरीका बाई सहित 36 लोगों को पात्रता अनुसार सामाजिक सहायता कार्यक्रम के
अंतर्गत पेंशन योजनाओं में उनका नाम जुड़ने की जानकारी दी गई। छेदू सिंह ने
बताया कि भलवाही में 28 फरवरी को और सुंदरलाल ने खपरी में 26
फरवरी को राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना में उनका नाम भी शामिल करने के
लिए आवेदन दिया था, उनकी यह मांग आज पूरी हो गई।
संसदीय सचिव ने बांटा मुख्यमंत्री आबादी पट्टा
लगरा में आयोजित समाधान शिविर में संसदीय
सचिव अंबेश जांगडे़ ने 275
लोगों को मुख्यमंत्री आबादी पट्टा वितरण योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में
आबादी भूमि पर भूस्वामी अधिकार प्रदान करने का प्रमाण पत्र प्रदान किया।
उन्हांने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत भी महिलाओं को गैस कनेक्शन के
साथ सिलेण्डर और गैस चुल्हा प्रदान किया। जांगड़े ने खीर खिलाकर
बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार किया। गर्भवती माताओं को उपहार प्रदान कर
उनकी गोदभराई रस्म भी की गई। इस अवसर पर जांगड़े ने ग्रामीणों से शासन
की विभिन्न योजनाओं के संबंध में चर्चा की। इस दौरान उन्होंने लगरा में
छतदार चबुतरे के लिए विधायक मद से दो लाख रूपये स्वीकृत करने की घोषणा की।
जांगड़े ग्रामीणों को बताया कि यदि वर्ष 2002 की सर्वे सूची में उनका नाम
नहीं है तो उन्हें सामाजिक सहायता कार्यक्रम की पेंशन योजनाओं में शामिल
नहीं किया जा सकता। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत
वर्ष 2011 की सूची के अनुसार ही ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।जांगड़े ने
कहा पामगढ़ विकासखंड में मजदूरी करने वाले श्रमिकों की संख्या अधिक है। श्रम
विभाग में श्रमिकों के लिए निःशुल्क सायकल वितरण और निःशुल्क सिलाई मशीन
वितरण योजना सहित अनेक लाभकारी योजनाएं संचालित है। इन योजनाओं का लाभ लेने
के लिए जरूरी है कि श्रमिक नियमानुसार श्रम विभाग में अपना पंजीयन कराएं
और इनका लाभ उठाएं। गर्मी को देखते हुए श्री जांगड़े ने पीएचई विभाग के
अधिकारियों को नल-जल योजना और हेण्डपम्पांं का आवश्यक संधारण के निर्देश
दिये।
इस शिविर में लगरा के साथ खपरी, चोरभट्ठी, सिल्ली, जोगीडीपा,
मुड़पार (ब), भदरा और पचरी के ग्रामीणों को उनके आवेदनों के निराकरण की
जानकारी विभिन्न संबंधित विभागों द्वारा दी गई। इस अवसर पर जिला पंचायत
सदस्य प्रीति अजय दिव्य, जनपद अध्यक्ष डमरू प्रसाद मनहर, जनपद
उपाध्यक्ष ललित नायक, सदस्य सम्मत सोनी, जिला पंचायत के
मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजीत बसंत, बिलासपुर संभाग के डिप्टी कमिश्नर पीडीपी झा, पामगढ़ एसडीएम, जनपद पंचायत पामगढ़ के सीईओ और
ग्राम पंचायत लगरा के सरपंच राजेश खुंटे सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण
उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें