जांजगीर-चांपा. केन्द्रीय विद्यालय जांजगीर में पांच अप्रैल बुधवार को शाला प्रवेशोत्सव मनाया गया। इस दौरान विद्यालय की प्राचार्य ने नवप्रवेशी छात्रों के माथे पर तिलक लगाकर स्वागत किया। साथ ही नवप्रवेशी छात्रों को मिष्ठान आदि का वितरण भी किया गया।
केन्द्रीय विद्यालय जांजगीर में कक्षा पहलीं में प्रवेश की प्रक्रिया पूरी हो गई है। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी कक्षा पहली में 80 बच्चों को प्रवेश दिया गया है। विद्यालय में नवप्रवेशी बच्चों के सम्मान में बुधवार को शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की शुरूआत प्राचार्य संगीता लूथर ने की। उन्होंने नवप्रवेशी बच्चों के माथे पर बारी-बारी से तिलक लगाकर उनका मुंह मीठा करवाया। इसके बाद विद्यालय के सभी शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम की शुरूआत प्रार्थना सभा के बाद हुई।
कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के अभिभावक भी शामिल हुए, जिन्हें संबोधित करते हुए प्राचार्य लूथर ने कहा कि विद्यालय में प्रवेश लेने वाले बच्चों के शैक्षणिक स्तर के अलावा मानसिक और शारीरिक विकास के लिए विद्यालय प्रबंधन द्वारा कई नवाचार किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन तथा अभिभावकों के मार्गदर्शन तथा सहयोग से विद्यालय का परीक्षा परिणाम इस वर्ष काफी अच्छा रहा है। प्राचार्य ने बताया कि केन्द्रीय विद्यालय में इस वर्ष आठवीं तक की कक्षाएं लगेंगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय तथा विद्यार्थियों के विकास में अभिभावकों का सुझाव तथा मार्गदर्शन नितांत आवश्यक है। इसलिए अभिभावक समय-समय पर विद्यालय पहुंचकर अपना सुझाव प्रदान करें तो बेहतर से बेहतर कार्य किया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों को विद्यालय से संबंधित आवश्यक जानकारियां प्रदान की गई। इस दौरान कुछ अभिभावक एवं शिक्षकों ने भी अपनी बात रखी। अंत में प्राचार्य लूथर ने सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया। शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में नवप्रवेशी छात्र, अभिभावक सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टॉफ उपस्थित थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें