जांजगीर-चांपा. जिला मुख्यालय जांजगीर के कचहरी चौक स्थित कन्या पूर्व माध्यमिक शाला में 20 अप्रैल को ब्लॉक स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया।
अतिथियों ने बच्चों को मिठाइयां भी खिलाई और अच्छे से पढ़ाई करने के लिए शुभकामनाएं भी दी। इस अवसर पर बच्चों को नि:शुल्क किताबें दिया गया। आयोजन के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत नवागढ़ के अध्यक्ष पुष्पेन्द्र सिंह रहे। अध्यक्षता बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ मंच के जिला सह संयोजक व्यास कश्यप ने की। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथियों में वार्ड पार्षद प्रिंस शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी जीपी भास्कर, बीईओ नवागढ़ पीएल कौशिक, एबीईओ राजीव नयन शर्मा व संजय कुमार देवांगन, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ मंच की नगर संयोजक अनुराधा आदित्य शुक्ला, सह संयोजक शिखा विकास शर्मा का नाम शामिल है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष पुष्पेन्द्र सिंह ने कहा कि शिक्षा से ही समग्र विकास संभव है। शिक्षा और विकास एक दूसरे के पर्याय हैं। गुरूकृपा से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास होगा। वह डाक्टर, इंजीनियर, आईएएस अधिकारी, शिक्षक व एक अच्छा नागरिक बनकर देश का नाम रौशन करेगा। उन्होंने सभी शिक्षकों को अपने कर्तव्य का बेहतर ढंग से पालन करते हुए सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने की बात कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ भाजपा नेता व्यास कश्यप ने बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि सभी बालिकाओं को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाते हुए बेहतर शिक्षा दिलाने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि हर बच्चों को जोड़-घटाना, गुणा-भाग व तर्क को समझना आना चाहिए।
जिला शिक्षा अधिकारी जीपी भास्कर ने कहा कि जिले में शिक्षा के क्षेत्र में विकास हुआ है। आज हर गांव, बसाहटों के अनुसार प्राथमिक, माध्यमिक व हाई, हायर सेकेण्डरी स्कूल खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं शिक्षा नीतियों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। अच्छी शिक्षा से जिले व ब्लाक का नाम रोशन होगा। बीईओ नवागढ़ पीएल कौशिक ने कहा कि एक अप्रैल से शुरू हो चुके शाला प्रवेश उत्सव के दौरान छह वर्ष से अधिक उम्र के स्कूल जाने लायक सभी बच्चों का दाखिला सुनिश्चित करें। बच्चों को मुफ्त स्कूली किताबें मिल रही है।
कार्यक्रम को वार्ड पार्षद प्रिंस शर्मा, अनुराधा आदित्य शुक्ला व शिखा विकास शर्मा ने संबोधित कर बालिकाओं का हौसला आफजाई की। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक पंचायत राजेश सूर्यवंशी तथा आभार प्रदर्शन शिक्षिका जयंती दुबे ने किया। इस अवसर पर राज्यपाल पुरस्कार 2017 के लिए चयनित शिक्षक घनश्याम प्रसाद देवांगन तथा जयंती दुबे का सभी अतिथियों ने पुष्पाहार से सम्मान किया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी 13 बालिकाओं को अतिथियों द्वारा तिलक चंदन लगाकर मिष्ठान खिलाकर किताबें बांटकर शाला प्रवेश कराया गया।
कार्यक्रम में प्रधान पाठक सरस्वती तिवारी, राजू प्रसाद राठौर, निर्मला शर्मा, अन्नपूर्णा शुक्ला, रामकुमार यादव, अश्वनी जोशी, सुधा शर्मा, विनोद पाण्डेय, महारथी राठौर, शरद राठौर, सरकार सिंह लहरे, चंद्रहास मिश्रा सहित बड़ी अन्य शिक्षक-शिक्षिका उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें