गुरुवार, 20 अप्रैल 2017

योजनाओं का लाभ मिलने से खुशहाली का माहौल, सोंठी शिविर में सक्ती विधायक और कलेक्टर ने लिया हिस्सा

जांजगीर-चांपा. प्रदेश व्यापी लोक सुराज अभियान गांवों के लिए फायदे और विश्वास का लोक सुराज बन गया है। राशन, पेंशन और आवास योजना का लाभ मिलने से गांवों में खुशियों का माहौल है। इसी खुशहाली के लिए चलाए जा रहे सुराज अभियान के तहत अनेक ग्राम पंचायतों का कलस्टर बनाकर किसी एक ग्राम पंचायत में समाधान शिविर लगाया जा रहा है, जहां लोगों को पात्रता के अनुसार उनकी मांग और शिकायतों पर हुई कार्रवाई की जानकारी दी जा रही है। इसी कड़ी में गुरूवार को बम्हनीडीह विकासखण्ड के ग्राम पंचायत सोंठी में समाधान शिविर लगाया गया।

सोंठी शिविर में महिलाएं हंसते-मुस्कुराते गैस चूल्हा ले जाती हुई नजर आ रही थी। वहीं कई लोग आबादी पट्टे के साथ खुश दिख रहे थे। दिव्यांग इसलिए उत्साहित थे कि अब उन्हें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल में फर्राटा भरना है। गिधौरी के दिव्यांग रमेश कुमार कुर्रे का तो कहना था कि उनके जैसे पैरों से नि:शक्त दिव्यांगों के लिए मोटराइज्ड साइकिल पैर की तरह काम करेगा, बल्कि यह उनके लिए पैर ही है। यह मोटराइज्ड साइकिल पाने के बाद रमेश का आत्मविश्वास कई गुना बढ़ गया। इसी आत्मविश्वास के साथ रमेश ने कहा कि अब वे कहीं आने-जाने के लिए किसी के आश्रित नहीं रहेंगे। उन्होंने बताया कि वे बिना बैटरी के ट्राइसाइकिल चलाते हैं, इससे चढ़ाई वाले रास्ते को पार करने में बड़ी कठिनाई होती है, लेकिन अब इस कठिनाई से उन्हें छुटकारा मिलेगा। शिविर में बीए द्वितीय वर्ष के छात्र पिपरदा निवासी रामरतन और अफरीद के छोटूराम यादव को भी मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल प्रदान किया गया।

रामरतन ने कहा कि अब उन्हें कई सुविधाएं तो मिलेंगी ही, यह भी खुशी की बात है कि 35 हजार रुपए की मोटराइज्ड साइकिल शासन की योजना के तहत उन्हें नि:शुल्क में मिली है। इनके अलावा तीन और दिव्यांगों को सामान्य ट्राइसाइकिल भी दिया गया। अफरीद की उर्मिला बाई, बिसाहिन बाई और हथनेवरा की रामेश्वरी बाई सहित दस महिलाओं को गैस चूल्हा के साथ उसमें लगने वाली अन्य सामग्री प्रदान की गई। इसी तरह पचोरी के बोधीराम, प्रताप और खीखराम सहित शिविर में उपस्थित मुख्यमंत्री आबादी पट्टा वितरण योजना के हितग्राहियों को पट्टा दिया गया। बताया गया कि इस योजना में सोंठी कलस्टर के कुल आठ ग्राम पंचायतों के 822 लोगों को पट्टा वितरित किया जाना है। 

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा आवेदकों का नाम पढ़-पढक़र उनके आवेदनों पर हुई कार्रवाई की सूचना दी गई। यह बताया गया कि आवेदनों के परीक्षण के बाद सोंठी में कलस्टर में गंगाबाई जायसवाल और उत्तरा बाई डडसेना सहित 22 लोगों को समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित मासिक योजनाओं में पात्रतानुसार जोड़ा गया है और अगले माह से पेंशन का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना में भी 52 लोगों को उनकी पात्रता और योजना में आवास निर्माण स्वीकृति की जानकारी दी गई। इसी तरह पिपरदा की मानकी, सुमित्रा, हरनारायण, उर्मिला सहित इस गांव के 20 लोगों के राशन कार्ड, अफरीद की पूर्णिमा, रोशनी सहित 36 राशन कार्ड तथा खपरीडीह की बसंतबाई सहित 11 कार्डो में उनके परिवार  के सदस्यों का नाम जोडऩे की जानकारी दी गई। यह बताया गया कि लोक सुराज के दौरान प्रस्तुत आवेदनों की जांच के बाद कुल 74 राशन कार्डो में 125 सदस्यों का नाम जोड़ा गया है। 

सोंठी में राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा छह प्रकरणों में फौती उठाकर बी-1 में वारिसों का नाम दर्ज होने की जानकारी दी गई। जिन आवेदकों का फौती प्रकरण निराकृत किया गया, उनमें खपरीडीह के कुमार साय, अफरीद की प्रभा पाण्डेय, पचौरी के तेरस राम कर्ष, दानीराम कर्ष, खम्भन एवं मोहनमति यादव शामिल है। इसी प्रकार हथनेवरा के दामोदर प्रसाद और अफरीद के ननकी राम के आवेदन पर रिकार्ड दुरूस्त कर दिया गया है। सोंठी के संतोष कुमार पटेल के आवेदन पर  उनके जमीन का रिकार्ड कम्प्यूटर के माध्यम से ऑनलाइन जोड़ दिया गया हैै। सोंठी के चैतराम को उनकी मांग पर आने-जाने का रास्ता दे दिया गया है और पिपरदा के दयाराम पटेल का राजस्व अभिलेख में नाम दर्ज कर लिया गया है। 

अफरीद की बदाला बाई द्वारा प्रस्तुत मुआवजा संबंधी प्रकरण भी निराकृत हो चुका है। सोंठी समाधान शिविर में सक्ती विधायक डॉ. खिलावन साहू, कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन, जिला पंचायत सीईओ अजीत बसंत, बम्हनीडीह जनपद अध्यक्ष सरोजनी जायसवाल, उपाध्यक्ष धनेश्वरी जायसवाल और सोंठी सरपंच भारती सूर्यवंशी ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर विधायक डॉ. साहू ने कहा कि पानी की एक-एक बूंद कीमती है। उन्होंने ग्रामीणों से पानी बचाने की अपील करते हुए कहा कि खेतों में जहां-जहां मेढ़ टूट गया है उसे ठीक कर दें और तालाबों को भरने में सहयोग करें। इससे भूमिगत जल स्तर बढ़ेगा और गर्मी ंके दिनों में लोगों को पानी मिल पाएगा । 

कलेक्टर डॉ. भारतीदासन ने मतदाता सूची में नाम जोडऩे के लिए आवेदन देने के बाद भी नाम नहीं जुडऩे पर संबंधित बीएलओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूली बच्चों की शिकायत पर सोंठी स्कूल परिसर से तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने चाम्पा एसडीएम युगल किशोर उर्वशा को निर्देशित करते हुए कहा कि सोंठी में लंबित बटांकन के प्रकरण को पूर्ण करने के बाद ही वहां के पटवारी को वेतन जारी किया जाए। शिविर में 49 शिकायत और तीन हजार 485 आवेदनों के निराकरण की स्थिति की नामवार जानकारी दी गई। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें