शुक्रवार, 14 अप्रैल 2017

बीआरसी दफ्तर में दस लाख रुपए के पुराने गणवेश डंप, पुराने गणवेश को खपाने की कर रहे कवायद

जांजगीर-चांपा. जिले में पुराने गणवेश को खपाने की कवायद एक बार फिर तेज हो गई है। जैजैपुर स्थित बीआरसी कार्यालय में करीब दस लाख रुपए के गणवेश छिपाकर रखे होने की जानकारी सामने आई है। शुक्रवार को इसकी खबर मीडिया के जरिए अधिकारियों तक पहुंचने के बाद घोटालेबाज सजग हो गए हैं। बताया जा रहा है कि पुराने गणवेश को बीआरसी कार्यालय से अन्यत्र शिफ्ट करने की गुपचुप तैयारी चल रही है।


स्कूली विद्यार्थियों को गणवेश बांटने के लिए शुरू की गई गणवेश वितरण योजना जिले में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। गणवेश आपूर्ति तथा वितरण के नाम पर पिछले कुछ वर्षों से एक-एक कर घोटाले सामने आ रहे हैं। जिले के कई विकासखंड क्षेत्र में हुए गणवेश घोटाले की जांच पूरी हो चुकी है और दोषी भी तय हो गए हैं, लेकिन अब तक उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही नहीं हुई है। इधर, एक बार फिर बड़े पैमाने पर गणवेश की अफरा-तफरी किए जाने की सूचना मिली है। ‘दैनिक नवीन कदम’ को प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजीव गांधी शिक्षा मिशन के जैजैपुर स्थित खंड समन्वयक कार्यालय में घोटालेबाजों द्वारा वर्ष 2015-16 का करीब दस लाख रुपए का गणवेश डंप कर रखा गया है। 

शुक्रवार को इस मामले की जानकारी मिलने के बाद जब ‘दैनिक नवीन कदम’ रिपोर्टर ने कलेक्टर तथा राजीव गांधी शिक्षा मिशन के जिला समन्वयक से बात की तो उन्होंने मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। बताया जा रहा है कि खंड समन्वयक कार्यालय में डंप गणवेश को इस वर्ष विद्यार्थियों को बांटने की तैयारी की जा रही है। ज्ञात हो कि जिले में वर्ष 2015-16 तथा 2016-17 में गणवेश वितरण के नाम पर हुए घोटाले का मामला छत्तीसगढ़ विधानसभा में गूंज चुका है। शासन स्तर से प्राप्त निर्देश के बाद मामले की जांच भी कराई गई है, जिसमें कई बीआरसी सहित कुल 54 लोगों को दोषी पाया गया है। 

संबंधितों के विरूद्ध थाने में एफआईआर दर्ज होनी है, लेकिन जिला प्रशासन जांच के बाद जांच की बात कहकर बड़े पैमाने पर हुए इस फर्जीवाड़े को दबाने की कोशिश में जुटा हुआ है। बहरहाल, जैजैपुर बीआरसी कार्यालय में डंप दस लाख रुपए के पुराने गणवेश ने एक बार फिर घोटाले की ओर इशारा किया है। अब देखना यह है कि इस मामले में जिला प्रशासन आखिरकार क्या रूख अपनाता है।

दो लाख के गणवेश डंप

बीआरसी कार्यालय जैजैपुर में करीब दो लाख बीस हजार रुपए के 2270 गणवेश डंप हैं, जो वर्ष 2016-17 में वितरण के लिए मंगवाए गए थे। वितरण के बाद ये गणवेश बच गए, जिसके कारण बीआरसी कार्यालय में रखा गया है। चालू शिक्षा सत्र में उक्त गणवेश का वितरण किया जाएगा।

-आरपी आदित्य, डीएमसी, राजीव गांधी शिक्षा मिशन

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें