बुधवार, 14 जून 2017

दो आरोपियों से 15 हजार रुपए का नकली नोट जब्त, नकली नोट खपाने के फिराक में सेमरिया में घूम रहे थे आरोपी

बिर्रा. नकली नोट खपाने के फिराक में ग्राम सेमरिया में घूम रहे दो युवकों से पुलिस ने 15 हजार रुपए का नकली नोट जब्त किया है। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को जेल भेजा गया है। बिर्रा पुलिस ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव को जिले में नकली नोट के चलन की सुगबुगाहट मिलने पर उनके द्वारा क्राइम ब्रांच को निर्देशित किया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश के पालन में 14 जून बुधवार को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सेमरिया में दो लडक़े नकली नोट खपाने के फिराक में घूम रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन में टीम द्वारा बिर्रा थाना अंतर्गत ग्राम सेमरिया के स्कूल के पीछे घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ा गया। पूछताछ में एक युवक ने अपना परिचय ग्राम हसौद निवासी लकेश्वर यादव उर्फ  दोन्द (24) पिता लखन यादव तथा दूसरे युवक ने अपना परिचय हसौद थाना अंतर्गत ग्राम तुमीडीह निवासी पुरुषोत्तम दास महंत (26) पिता हरिहर दास के रूप में दिया। युवकों की तलाशी लेने पर उनके पास से 100 रुपए के 65 और 500 रुपए के 17 नकली नोट मिले। कुल जुमला 15 हजार रुपए का नकली नोट उनके कब्जे से जब्त किया गया। आरोपियों के विरुद्ध थाना बिर्रा में धारा 489 क, ख, ग आईपीसी के तहत अपराध कायम कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। 

आरोपियों से नकली नोट के संबंध में पूछताछ करने पर उनके द्वारा बताया गया कि 15 हजार रुपए के नकली नोट के बदले में ग्राहक से 7000 रुपए में सौदा तय हुआ था। नकली नोट खपाने के पहले ही आरोपी पकड़े गए। बिर्रा पुलिस ने बताया कि इस प्रकरण में जांच जारी है। युवकों ने नकली नोट कहां से लाया तथा इनका स्त्रोत क्या है, इसकी जांच की जा रही है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हेंं न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच प्रभारी निरीक्षक राजेश मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, प्रधान आरक्षक लालाराम खूंटे, आरक्षक लक्ष्मीकांत कश्यप, राजेश शर्मा, अतीश पारीक, प्रमिल मिंज, रेमन सिंह राजपूत, राजकुमार चंद्रा, मोहन साहू, राजेश कोसले एवं बिर्रा थाना प्रभारी क्रिस्टोफर केरकेट्टा, सहायक उपनिरीक्षक टीडी कोसले शामिल रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें