सक्ती. उच्चस्तरीय जांच समिति द्वारा प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी के आदिवासी जाति प्रमाण पत्र को निरस्त किए जाने के विरोध में छग जोगी कांग्रेस के सक्ती जिला संगठन द्वारा प्रभारी इब्राहिम मेमन एवं गीतांजली पटेल के नेतृत्व में जवाहर लाल नेहरू महाविद्यालय के सामने धरना दिया गया, जहां भाजपा एवं कांग्रेस का विवाह कराया गया।
इस अवसर पर इब्राहिम मेमन सहित मंटू पाटले एवं गीतांजली पटेल द्वारा सम्बोधित करते हुए कहा गया कि भाजपा एवं कांग्रेस द्वारा साजिश करते हुए प्रदेश में अजीत जोगी की बढ़ती हुई लोकप्रियता एवं संगठन के मजबूत होने के कारण आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए उनकी जाति को आधार बनाकर उन्हें उलझाया जा रहा है, जबकि इस संबंध में पूर्व में भी उच्च न्यायालय सहित अन्य स्थानों से जोगी को आदिवासी मानते हुए निर्णय दिया जा चुका है, लेकिन आने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए जोगी की बढ़ती हुई लोकप्रियता से घबराकर भाजपा द्वारा साजिश रचते हुए उनकी जाति को लेकर एक बार फिर से विवाद उत्पन्न किया गया है, जिसके विरोध में हम सभी कार्यकर्ता आज धरना देकर जनता को भाजपा एवं कांग्रेस के गठबंधन से राज्य सरकार चलाने की नीति का खुलासा करने एकत्रित हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसी बात को लेकर हमारे द्वारा भाजपा एवं कांग्रेस का विवाह कराकर दोनों के गठबंधन में बंधे होने का संकेत जनता तक पहुंचाया जा रहा है। आज प्रदेश में सशक्त विपक्ष न होने के कारण भाजपा द्वारा मनमानीपूर्वक सत्ता का संचालन किया जा रहा है, जबकि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को विपक्ष की जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसमें कांग्रेस कही भी खरी उतरती नजर नही आ रही है। कार्यकर्ताओं द्वारा धरना के बाद रैली के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचने के मार्ग में छग शासन एवं मुख्यमंत्री रमन सिंह का पुतला दहन करने का प्रयास किया गया, जिसमें से एक पुतला पुलिस छिनने में सफल रही।
वहीं कार्यकर्ताओं द्वारा पीछे गाड़ी में रखे दूसरे पुतले को आग लगाकर दहन किया गया, जिसकी जानकारी पुलिस को थी, जो रैली के साथ चल रही थी। जब कार्यकर्ताओं को पुतला दहन करते देखा तो पुलिस द्वारा पुतला छिनने का प्रयास किया गया, जिससे पुतला क्षतिगस्त हो गया, जिसके एक हिस्से में कार्यकर्ता आग लगाने में सफल रहे। उसे भी पुलिस द्वारा तत्परता के साथ बुझा दिया गया। रैली के रूप में अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं द्वारा राज्यपाल के नाम अनुविभागीय अधिकारी राजस्व को ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें अजीत जोगी की जाति प्रमाण पत्र को निरस्त किए जाने के निर्णय को तत्काल रद्द करने की मांग की गई। इस आयोजन में छग जोगी कांग्रेस के इब्राहिम मेमन, जिला अध्यक्ष गीतांजली पटेल, जिला युवा (जे) अध्यक्ष, नरेश अग्रवाल कालू, इदरीश कुरैशी, धनेश्वर जायसवाल, अर्जुन राठौर, सुभान खान, सूखबाई खुंटे, धनेश्वरी देवी, राजेन्द्र चन्द्रा, कमल भार्गव, रवि खटर्जी, सुदीप, दीपक पाटले, लाल बहादुर, राम महंत, मन्टू पाटले, युगल किशोर बंजारे, अजय श्रीवास, गणेश चालाक सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें