जांजगीर-चांपा. कलेक्टर डॉ. एस. भारतीदासन ने बुधवार को विकासखण्ड बम्हनीडीह के बिर्रा स्थित कस्तुरबा गांधी आवासीय विद्यालय बिर्रा का निरीक्षण किया। उनके साथ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अजीत वसंत उपस्थित थे। अवलोकन के दौरान छात्रावास अधीक्षिका पटेल अनुपस्थित थीं। सहायक शिक्षक पंचायत सफीना भी एक जुलाई से लगातार पांच दिन तक अनुपस्थित पायी गयीं। कलेक्टर ने अधीक्षिका और शिक्षिका की अनुपस्थिति पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आयी कि विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी और विकासखण्ड स़्त्रोत समन्वयक राजीव गांधी शिक्षा मिशन द्वारा सतत निरीक्षण नहीं किया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. भारतीदासन ने विद्यालय में अध्यापन कार्य के स्तर पर असंतोष जाहिर करते हुए विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी और स्त्रोत समन्वयक द्वारा सतत् निरीक्षण सुनिश्चित कराने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी सक्ती आरपी आदित्य को दिए हैैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बम्हनीडीह को विद्यालय में आवश्यक संसाधन एवं खेल उपकरण की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। डॉ. भारतीदासन ने विकासखण्ड डभरा और जैजैपुर के अनेक स्कूलों का निरीक्षण किया। उन्होंने डभरा के ग्राम बेनीपाली के प्राथमिक शाला में पढ़ाई का स्तर जानने के लिए वहां के बच्चों से विभिन्न विषयों के प्रश्न पूछे। बच्चों द्वारा 1 से 20 तक पहाड़ा सुनाने एवं गणित-अंग्रेेजी के कठिन प्रश्नों के सही उत्तर देने पर कलेक्टर ने बच्चों और शिक्षकों की तारीफ की। डॉ. भारतीदासन ने डभरा के प्राथमिक शाला कर्ठरापाली का भी दौरा किया और भवनविहीन प्राथमिक शाला के लिए नवीन भवन के लिए प्रस्ताव तैयार करने व स्वीकृति की कार्यवाही एक सप्ताह में करने निर्देशित किया।
भवन तैयार होने तक परिसर में स्थित सामुदायिक भवन एवं आंगनबाड़ी में कक्षा के संचालन के लिए विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी डभरा को निर्देश दिए गए। इस विद्यालय में बच्चों के शिक्षा का स्तर तथा सम्पर्क किट के माध्यम से किए गए शिक्षण कार्य की सराहना करते हुए कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने शिक्षकों के प्रयास की तारीफ की। बुधवार को ही कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ द्वारा विकासखण्ड जैजैपुर के ग्राम जमड़ी के सभी शालाओं का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्राथमिक शाला जमड़ी में कुल दर्ज संख्या 75 में से 59 बच्चे और तीन शिक्षक उपस्थित थे। सहायक शिक्षक पंचायत खगेश्वरी जांगड़े भी स्कूल से कुछ समय के लिए अनुपस्थित रहीं, जिन्हें भविष्य में उन्हें ऐसी गलती नहीं करने की चेतावनी दी गई। साथ ही स्कूल के अध्यापन के स्तर में सुधार निर्देश दिए गए। पूर्व माध्यमिक शाला जमड़ी में नवीन भवन के होते हुए भी पुराने भवन में शाला लगाए जाने पर कलेक्टर द्वारा नाराजगी व्यक्त करते हुए बच्चों को नवीन भवन में बैठाने के लिए निर्देशित किया गया।
कलेक्टर ने विद्यालय में उपस्थित तीनों शिक्षकों को निर्धारित समय पर शाला में उपस्थित रहनेे, बच्चों को विषय वस्तु को सही और रोचक तरीके से समझाने तथा कठिन शब्दों की बार-बार पुनरावृत्ति कराकर याद कराने के निर्देश दिए। इसी तरह हाईस्कूल जमड़ी के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित प्राचार्य अलोईस लकड़ा और व्याख्याताओं का अनुपस्थिति दिवस का वेतन लंबित रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कक्षा पहली से 12वीं तक तिमाही एवं छ:माही परीक्षा समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्कूलों के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सभी शिक्षकों को नियमित रूप से समय पर स्कूल आने तथा पाठ्यक्रम अनुसार अध्यापन कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें