गुरुवार, 2 मार्च 2017

रेंजर लदेर को शहीद का दर्जा देने सीएम को ज्ञापन

प्रतिनिधि मंडल ने प्रदेश के गृहमंत्री से भी मुलाकात की 

जांजगीर-चांपा. सर्व दल सर्व समाज द्वारा अनिश्चितकालीन धरना के चतुर्थ दिवस लैलूंगा रेंजर डीआर लदेर को शासन द्वारा शहीद का दर्जा देने की मांग की समर्थन में मंच के सदस्यों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से मुलाकात की और लदेर को शहीद का दर्जा देने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। इसी क्रम में प्रदेश के गृहमंत्री रामसेवक पैकरा से मुलाकात की। गृहमंत्री पैकरा ने सदस्यों से मुलाकात कर शहीद का दर्जा देने वाली फाइल को आगे बढ़ाने का आश्वासन देते हुए इस पर जल्द ही निर्णय लेने का भरोसा दिलाया। इसी क्रम में जिला प्रशासन जांजगीर द्वारा सर्व जन मंच के सदस्यों व प्रतिनिधि मण्डल को बातचीत के लिए जिला कलेक्टोरेट बुलाया गया था, जहां कलेक्टर डॉ. एस भारतीदासन, पुलिस अधीक्षक अजय यादव, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अजय उरांव, एसडीओपी पंकज चंद्रा सहित आला अफसर मौजूद थे। प्रतिनिधि मण्डल से वार्तालाप के दौरान सदस्यों ने शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन जारी रखने की बात कही और जिला प्रशासन से निवेदन किया कि शासन तक ये बात पहुंचाने में उनकी सहायता करें। इसके बाद सदस्यों ने राज्यपाल के नाम से जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा। अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन स्थल पर विभिन्न दलों व संगठनों का समर्थन प्राप्त होता रहा है, जिसमें वरिष्ठ नागरिक संघ के सदस्यों ने मांगों का समर्थन करते हुए संघर्ष के प्रति अपना समर्थन दिया। इसी क्रम में जनता कांग्रेस जोगी महिला इकाई की जिलाध्यक्ष वर्षा सिंह ने भी समर्थन दिया। बिलासपुर के प्रभारी देव कुमार कनेरी ने भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर मांगों का समर्थन किया। शाम के समय मंच द्वारा गांधी चौक जांजगीर से नेताजी चौक जांजगीर होते हुए शहीद स्मारक स्थल पर कैण्डल मार्च किया गया, जिसमें नगर के महिलाओं व बच्चों सहित विभिन्न वर्ग के नागरिक शामिल हुए। इसी कड़ी में 2 मार्च को बहुजन समाज पार्टी जिला इकाई द्वारा समर्थन देने की बात कही गई है। ज्ञात हो कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी द्वारा तीन मार्च को जांजगीर पहुंचकर धरना को समर्थन देने की बात कही गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें