रविवार, 16 जुलाई 2017

आकाशीय बिजली की चपेट में आकर दो बच्चों की मौत, गंभीर रूप से झुलसा एक बालक सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर

सक्ती. ग्राम मरकामगोढ़ी स्थित राटन खार में रविवार की सुबह मवेशी चराने गए तीन बच्चे आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए, जिनमें से दो बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं एक बच्चा बुरी तरह झुलस गया। घायल बच्चे को संजीवनी 108 के माध्यम से सक्ती स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला चिकित्सालय जांजगीर रेफर कर दिया। 

जानकारी के अनुसार, सक्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मरकामगोढ़ी स्थित राटन खार में 16 जुलाई रविवार की सुबह गांव के ही कुछ बच्चे मवेशी चराने के लिए गए हुए थे। इस दौरान हल्की वर्षा के साथ आकाशीय बिजली भी चमक रही थी, जिसकी चपेट में आकर अर्जुन सिदार (16) पिता ओंकार सिदार तथा नरेंद्र सिदार (18) पिता प्रेमलाल सिदार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य बालक रामकिशन पटेल (14) पिता हेतराम पटेल बुरी तरह झुलस गया, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। वहां उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। मामले में सक्ती पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर विवेचना की जा रही है।  विवेचक दुखीराम कंवर ने बताया कि परिजनों की सूचना पर मर्ग कायम कर प्रकरण को विवेचना में लिया गया है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर तीनों बच्चों को तत्काल सीएचसी सक्ती लाया गया, जहां परीक्षण के बाद चिकित्सक ने अर्जुन सिदार तथा नरेंद्र सिदार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से झुलसे बालक रामकिशन पटेल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय जांजगीर रेफर किया गया है। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें