जांजगीर-चांपा. अकलतरा-बलौदा, बलौदा-नैला तथा बलौदा-हरदीबाजार रोड में कोयला लदे ओवरलोड वाहनों से आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से चिंतित अकलतरा विधायक चुन्नीलाल साहू ने आगामी 24 जुलाई को क्षेत्रवासियों के साथ नहीं, बल्कि अकेले धरने पर बैठने का ऐलान किया है। विधायक साहू ने धरने पर बैठने से पहले चार सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक को सौंपा है।
कलेक्टर के नाम 15 जुलाई को सौंपे ज्ञापन में अकलतरा विधायक चुन्नीलाल साहू ने कहा है कि अकलतरा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अकलतरा-बलौदा, बलौदा-नैला तथा बलौदा हरदीबाजार रोड में कोयला लदे ओवरलोड वाहनों से आए दिन दुर्घटनाएं घट रही है, जिसमें मासूम और निर्दोष जनता की असमय मृत्यु हो रही है। क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं से वे काफी चिंतित तथा दुखी है। ओवरलोड वाहनों के संचालन के सही प्रबंध के लिए अनेक बार प्रशासनिक अधिकारियों सहित शासन में उच्च पदों पर आसीन जनप्रतिनिधियों से भी निवेदन किया गया है, लेकिन आज तक वाहनों के संचालन का सही ढंग से प्रबंध करने के लिए ईमानदारी से कोई भी प्रयास नहीं हुआ है, जिसके चलते इस सप्ताह अकलतरा विधानसभा क्षेत्र के इन्हीं मार्गों में सडक़ दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु हुई है। ज्ञापन में उन्होंने आगे कहा है कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधि होने के नाते न सिर्फ यह उनका कर्तव्य है, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी भी है कि क्षेत्रवासियों के विरूद्ध हो रहे पंूजीवादी अन्याय के खिलाफ वे क्षेत्र की जनता के लिए संघर्ष करें। आम जनता द्वारा इन भारी वाहनों के परिचालन के विरोध में अपनी पीड़ा दर्ज कराने के लिए जन आंदोलन किया जाता है तो बड़े उद्योगपतियों के दबाव में आम जनता को भयभीत करने के लिए आम जन पर गंभीर अपराधिक धारा दर्ज कर कोर्ट कचहरी का चक्कर लगवाया जाता है। पुलिस की दमनात्मक कार्यवाही से क्षेत्रवासियों का संरक्षण करते हुए 24 जुलाई को वे अकेले बलौदा-हरदीबाजार बाईपास मार्ग में धरने पर बैठेंगे। साथ ही क्षेत्रवासियों की चार सूत्रीय मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष रखेंगे। ज्ञापन में उल्लेखित मांगों में सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक भारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध, जल्द ही (दो माह की समय-सीमा में) बाईपास मार्ग का निर्माण, वाहन चालकों का सतत परीक्षण और निगरानी (गति और मद्यपान को लेकर) तथा सडक़ हादसे में मृतक के परिजनों को 20 लाख रुपए मुआवजा की व्यवस्था शामिल है। ज्ञापन की प्रति पुलिस अधीक्षक, एसडीएम जांजगीर, थाना प्रभारी बलौदा तथा तहसीलदार बलौदा को भेजी गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें