नवीन कदम ब्यूरो@जांजगीर-चांपा. अकलतरा क्षेत्र के सक्रिय विधायक चुन्नीलाल साहू ने अपना 50वां जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाया। उन्होंने तामझाम और दिखावे से दूर रहते हुए जिला मुख्यालय जांजगीर में विशाल रैली निकालकर सरकार के समक्ष किसानों के हक की मांगें रखी। विधायक साहू ने इस अवसर पर कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन भी सौंपा, जिसमें प्रदेश भर के किसानों को धान का समर्थन मूल्य 21 सौ रुपए प्रति क्विंटल, 300 रुपए प्रति क्विंटल बोनस तथा कर्जमाफी का उल्लेख है। कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए विधायक साहू ने आगाह भी किया है कि यदि उनकी ये मांगे जल्द पूरी नहीं होती है तो वे किसानों के साथ सडक़ की लड़ाई लडऩे बाध्य होंगे।
उल्लेखनीय है कि अकलतरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक चुन्नीलाल साहू का 50वां जन्मदिन एक जुलाई को था, जिसे उन्होंने किसानों के नाम किया। इस दिन प्रदेश भर के किसानों की जायज मांगों को लेकर जिला मुख्यालय जांजगीर में रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपने की रूपरेखा उन्होंने करीब एक माह पहले से ही बना ली थी, जिसके तहत एक जुलाई को जिले सहित प्रदेश के कई जिलों के किसान बड़ी संख्या में जांजगीर के बॉस्केटबॉल मैदान में इकट्ठे हुए, जहां सभी ने एक साथ मिलकर विधायक साहू के जन्मदिवस की खुशियां दोगुनी की। इसके बाद विधायक साहू ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष मंजू सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता इंजीनियर रवि पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में किसानों के साथ शांतिपूर्ण तरीके से रैली निकाली, जो कचहरी चौक से शुरू होकर मुख्य मार्ग होते हुए कलेक्टोरेट पहुंची, जहां मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया।
विधायक साहू ने बताया कि राज्य में सत्तासीन रमन सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान अपने घोषणा पत्र में किसानों को धान का समर्थन मूल्य 21 सौ रुपए प्रति क्विंटल देने, धान का बोनस 300 रुपए प्रति क्विंटल देने, किसानों के उपज की एक-एक बीज खरीदने तथा आपातकाल की स्थिति में किसानों को आर्थिक मदद देने का उल्लेख किया था, किन्तु चुनाव जीतने के बाद रमन सरकार ने एक भी वायदे को पूरा नहीं किया। सरकार की उदासीनता एवं प्रदेश में व्याप्त अफसरशाही की वजह से अन्नदाता भूखों मरने विवश हो रहे हैं। प्रदेश के कई जिलों में किसानों के आत्महत्या की खबर आ रही है, जो नि:संदेह दुखद और सरकार के नकारापन का नतीजा है।
उन्होंने बताया कि इन्हीं सब विषयों को लेकर उन्होंने अपना जन्मदिन किसानों के नाम करने का ऐलान किया था, जिसे आज किसानों के आशीर्वाद से ही मूर्तरूप दिया गया। विधायक साहू ने यह भी कहा कि उनकी लड़ाई अभी शुरू हुई है। पहले पड़ाव में सरकार को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया है, यदि सरकार उनकी जायज मांगों को नहीं मानती है तो जल्द ही किसानों के साथ मिलकर सडक़ की लड़ाई लड़ी जाएगी। रैली से पहले विधायक साहू ने अपने बुजुर्गों से आशीर्वाद लेकर क्षेत्र के धार्मिक स्थलों में मत्था टेका तथा क्षेत्रवासियों सहित प्रदेश के लोगों के खुशहाली की कामना की। पूरे कार्यक्रम में रफीक सिद्धिकी, जिला पंचायत सदस्य ज्योति किशन कश्यप, शत्रुहन दास महंत, जिला युकां अध्यक्ष प्रिंस शर्मा, अखिलेश त्रिपाठी, गौरव सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान, पार्टी कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें