शुक्रवार, 30 जून 2017

नदी किनारे सुकून की सांस ले रहे थे दो फरार आरोपी, पहुंच गई पुलिस, एक लाख 37 हजार के नकली नोट जब्त, न्यायिक रिमाण्ड पर भेजे गए जेल

जांजगीर-चांपा. नकली नोट मामले में दो फरार आरोपियों को पकडऩे में जैजैपुर पुलिस एवं क्राइम ब्रांच की टीम को सफलता मिली है। दोनों आरोपियों के कब्जे से एक लाख 37 हजार रुपए के नकली नोट तथा कलर प्रिंटर जब्त हुआ है। इससे पहले पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने इस मामले में संलिप्त सात आरोपियों को गिरफ्तार किया था। 

जैजैपुर थाना प्रभारी राजकुमार लहरे ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जैजैपुर, मालखरौदा, बिर्रा तथा डभरा थाना क्षेत्र में नकली नोट खपाए जा रहे हैं। मुखबिर की सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के मार्गदर्शन में जैजैपुर थाना में 27-28 जून को ग्राम सलनी निवासी छोटेलाल यादव की रिपोर्ट पर नकली नोट खपाने वाले करौवाडीह निवासी शिवप्रसाद मनहर के खिलाफ भादविक की धारा 489 क, ख, ग, घ के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को पकड़ा गया था। पूछताछ करने पर उसके द्वारा ग्राम पिहरीद निवासी राजेन्द्र कुर्रे एवं भूतहा निवासी भागवत चंद्रा से नोट मिलने की जानकारी दी गई, तब दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। दोनों आरोपियों ने जैजैपुर निवासी नीर अफजल खान से नकली नोट प्राप्त जाने की बात कही। इसके बाद नीर अफजल खान को पकडक़र पूछताछ की गई, तब उसने बड़ा खुलासा किया। 

उसने बताया कि ग्राम ओडक़ेरा निवासी गौतम धीवर, अन्नू चौहान, कुशल श्रीवास एवं परसाडीह निवासी यादराम साहू के साथ मिलकर उसने योजनाबद्ध तरीके से लैपटॉप, कलर प्रिंटर, कागज, कटर तथा अन्य सामग्री खरीदकर नकली नोट छापने का कार्य शुरू किया। पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ कि नकली नोट को गौतम धीवर और मौहाडीह निवासी भागवत वैष्णव ने जैजैपुर, मालखरौदा, हसौद तथा आसपास के क्षेत्रों में खपाया है। पूछताछ के बाद जैजैपुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी शिवप्रसाद मनहर, राजेन्द्र कुर्रे, भागवत चंद्रा, नीर अफजल खान, अन्नू चौहान, गौतम धीवर, भागवत वैष्णव से नकली नोट छापने में प्रयुक्त लैपटॉप, प्रिंटर, स्कैनर, कागज, कटर एवं अन्य सामग्री तथा 21 लाख रुपए का नकली नोट बरामद कर उन्हें गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेजा। मामले में संलिप्त दो आरोपी ग्राम ओडक़ेरा निवासी कुशल श्रीवास तथा ग्राम परसाडीह निवासी यादराम साहू फरार थे, जिनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही थी। 30 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी कुशल श्रीवास एवं यादराम साहू ग्राम परसाडीह के नदी के पास देखे गए हैं। 

सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मुखबिर के बताए स्थान पर घेराबंदी कर कुशल श्रीवास तथा यादराम साहू को पकड़ा गया, जिनसे पूछताछ करने पर उनके द्वारा नकली नोट छापने की बात स्वीकार की गई। आरोपी कुशल श्रीवास से नकली नोट छापने में प्रयुक्त कलर स्कैनर, प्रिंटर तथा दो हजार एवं पांच सौ रुपए के 85 हजार रुपए का नकली नोट एवं यादराम साहू से 100 एवं पांच सौ रुपए के 52 हजार रुपए का नकली नोट बरामद किया गया। दोनों आरोपियों से कुल एक लाख 37 हजार रुपए का नकली नोट बरामद हुआ। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है। इस कार्रवाई में उनके अलावा क्राइम ब्रांच प्रभारी राजेश मिश्रा तथा उनकी टीम की भूमिका सराहनीय रही।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें