चांपा. एनकेएच मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल द्वारा कोरबा में जिस तरह की सुविधा दी जा रही है, वह संपूर्ण सुविधा चांपावासियों को भी दी जाएगी। आगामी 21 जुलाई को चांपा में हॉस्पिटल के शुभारंभ के बाद जरूरतमंद मरीजों को 15 अगस्त तक नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा मिलेगी। ये जानकारी एनकेएच मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर के संचालक डॉ. एस चंदानी ने चांपा में नवनिर्मित हॉस्पिटल में बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ की पवित्र भूमि से उन्होंने चिकित्सा सेवा प्रारंभ की, जिसका शुभारंभ कोरबा से हुआ। एक छोटे से क्लीनिक में इसकी शुरूआत हुई और लोगों का विश्वास ऐसा हुआ कि आज न्यू कोरबा हॉस्पिटल सुपर स्पेशिलिटी चिकित्सालय में तब्दील हो गया। उन्होंने बताया कि एनकेएच मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल से उपचार के बाद जाने वाला मरीज पूरी तरह से संतुष्ट होता है। उन्होंने बताया कि चांपा, जांजगीर तथा रायगढ़ से आने वाले मरीजों की संख्या कोरबा हॉस्पिटल में लगातार बढ़ रही थी, जिसे ध्यान में रखते हुए चांपा में एनकेएच मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर खोलने का निर्णय लिया गया। डॉ. चंदानी ने आगे बताया कि हमारी नजर उन गरीबों की बीमारियों पर भी रहती है, जो आर्थिक विषमता के चलते अपना उपचार बड़े अस्पतालों में नहीं करवा पाते। इसके लिए हम लगातार नि:शुल्क शिविर भी लगाते हैं। कोरबा जिले में इसका सफल प्रयोग हो चुका है। यहां भी समय-समय पर नि:शुल्क जांच एवं शिविर आयोजित कर दवाओं का वितरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी 21 जुलाई को हॉस्पिटल के शुभारंभ के बाद हम नि:शुल्क परामर्श, नि:शुल्क भर्ती सुविधा, नि:शुल्क एक्स-रे सुविधा आदि आगामी माह अगस्त के 15 तारीख तक प्रदान करेंगे। प्रेसवार्ता के दौरान एनकेएच मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर के चिकित्सक एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें