सोमवार, 17 जुलाई 2017

नपाध्यक्ष और सीएमओ का शिवसैनिकों ने फूंका पुतला, नपा में हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ शिवसैनिकों का आंदोलन जारी

चांपा. स्थानीय नगरपालिका के विभिन्न कार्यों में हुए भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाकर शिवसैनिकों ने मोर्चा खोल रखा है। शिवसैनिकों का आंदोलन कई दिनों से जारी है। इसी कड़ी में शिवसैनिकों ने सोमवार को धरना स्थल पर नपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल और सीएमओ ज्योत्सना टोप्पो का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर जिले के शिव सेना कार्यकर्ताओं ने आक्रोश व्यक्त करते हुए प्रशासन के ढुलमुल रवैये के खिलाफ नारेबाजी की एवं विरोध व्यक्त किया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष ओंकार सिंग गहलोत ने किया। उन्होंने बताया कि शिवसेना के जिला सचिव राकेश शर्मा नपा में हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ आमरण अनशन पर बैठे हुए हैं,  जिनका चौथा दिन है। उन्होंने बताया कि चांपा नगरपालिका के कृत्यों का विरोध जिले के हर विकासखण्ड के कार्यकत्र्ता धरनास्थल पर पहुंचकर कर रहे हैं। वे इस आंदोलन को जनहित में सकारात्मक पहल बता रहे हैं। वहीं उन्होंने प्रशासन की निष्क्रियता को बिकाऊ निरूपित किया है। शिवसैनिकों का आरोप है कि नगरपालिका अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के पित लायंस क्लब चाम्पा के आजीवन सदस्य हैं और उनके स्कूल कमेटी में रहते हुए फर्जी स्वामित्व प्रमाण पत्र बनाकर स्कूल को मान्यता दिलवाई गई है, जिस पर प्रथम श्रेणी न्यायालय के न्यायाधीश ओपी जायसवाल द्वारा परिवाद संबंधी जांच करवाई गई है। 

उक्त परिवाद की अगली पेशी 21 जुलाई को रखी गई है, जिसे आनन-फानन में प्रभावित कर शासन से धोखाधड़ी करने वाले को बचाने की कोशिश नगरपालिका अध्यक्ष द्वारा की गई है एवं सीएमओ ज्योत्सना टोप्पो के साथ मिलकर षड्यंत्रपूर्वक पार्षदों को संपूर्ण जानकारी दिए बगैर संकल्प पारित कर नगरपालिका की संपत्ति को खतरे में डाला गया है, जबकि यह मामला न्यायालय में प्रकरण लंबित रहते विचार करने योग्य ही नहीं था। इसके विरोध में शिवसैनिकों द्वारा आमरण अनशन किया जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें