सक्ती. भाजपा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ प्रकोष्ठ नगर मंडल द्वारा 30 जुलाई को दोपहर 2 बजे से नगर के श्रीराधाकृष्ण मंदिर सभागार में प्रकोष्ठ के जिला संयोजक व्यासनारायण कश्यप, सहसंयोजक अनुराधा शुक्ला एवं शिखा विकास शर्मा के मार्गदर्शन में बेटियों के जन्म को प्रोत्साहन देने के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है।
भाजपा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ प्रकोष्ठ नगर मंडल सक्ती के संयोजक जगदीश बंसल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि 30 जुलाई को दोपहर 2 बजे से कार्यक्रम प्रारंभ होगा, जिसमें सक्ती शहर के अंतर्गत ऐसे माता-पिता, जिनके सिर्फ दो या दो से अधिक बालिकाएं हैं, उनका सम्मान किया जाएगा। ऐसे अभिभावक 20 जुलाई तक अपना नाम दर्ज करा सकेंगे। इसी श्रृंखला में सक्ती शहर में सामाजिक, राजनैतिक, शिक्षा, खेलकूद, योग, वृक्षारोपण एवं जनसेवा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाली नारी शक्तियों का सम्मान भी किया जाएगा। इसके लिए भी संबंधित महिलाएंं अपनी उपलब्धि की जानकारी 20 जुलाई तक दर्ज करा सकेंगी। उन्होंने आगे बताया कि कार्यक्रम के दौरान कक्षा 9वीं से 12वीं तक की स्कूली छात्राओं के लिए तत्कालीक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन कन्या भ्रूण संरक्षण विषय पर किया गया है, जिसमे प्रतिभागी छात्राओं को 25 जुलाई तक अपना नाम दर्ज कराना होगा।
भाषण का समय 3 मिनट होगा। प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय प्रतिभागी छात्राओं को उनकी प्रस्तुति पर पुरस्कार तथा नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। संयोजक जगदीश बंसल ने बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की मंशानुरूप बेटियों के जन्म तथा उनकी शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
आगामी 30 जुलाई को आयोजित कार्यक्रम के लिए वृहद रूप से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। कार्यक्रम में अतिथियों के रूप में सांसद कमला पाटले, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय, सक्ती विधायक डॉ. खिलावन साहू, भाजपा जिलाध्यक्ष के मेधाराम साहू भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहेंगे। नगर संयोजक बंसल ने बताया कि इस कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ता भी क्षेत्र में प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। 30 जुलाई को आयोजित कार्यक्रम में मारवाड़ी युवा मंच महिला जागृति शाखा सक्ती के सदस्यों को भी सहयोग दिए जाने की बात कही गई है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें